खाकी फिर शर्मसार, सिपाही ने किया दलित किशोरी से दुष्कर्म
- वर्दी पर बदनुमा दाग, दलित किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में सिपाही गिरफ्तार
- आरोपी देता रहा धमकी, पीड़ित को थाने से भगाया, फिर चार दिन में हुई सुनवाई
विस्तार
यूपी के मैनपुरी में पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही पर 13 वर्षीय दलित किशोरी से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना चार दिन पुरानी है और इस दौरान ये भी आरोप है कि सिपाही ने पीड़िता के घरवालों को धमकी देकर मामले को दबाने के लिए दबाव बनाया।
सोमवार को किशोरी को साथ लेकर उसकी मां पहले थाना कोतवाली पहुंची, वहां कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह एएसपी से मिली। एएसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिपाही राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार सिपाही राजेश यादव मूल रूप से इटावा का रहने वाला है और उसकी मूल तैनाती मथुरा में है। पिछले पांच वर्षों से वह मैनपुरी पुलिस लाइन में अटैच है और पुलिस लाइन में ही रह रहा है।
एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पीड़ित परिवार भी पुलिस लाइन के पास ही एक कॉलोनी में रहता है। राजेश यादव का इनके यहां काफी आना जाना रहा है। पीड़िता के घरवालों के मुताबिक 24 मार्च को धुल्हैंडी के दिन शाम 6.30 बजे आरोपी सिपाही उनकी बेटी को लाइन के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
अगले दिन तबियत बिगड़ने पर किशोरी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इससे पहले कि पीड़िता के घरवाले पुलिस के पास पहुंचते, आरोपी सिपाही उनके घर पहुंच गया और धमकी देने लगा। सोमवार सुबह सिपाही की नजरों से बचकर किशोरी अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक यहां भी पुलिसकर्मियों ने पहले तो समझौता कर मामले को रफा-दफा करने के लिए कहा फिर इनकार करने पर थाने से भगा दिया।
इसके बाद पीड़ित परिवार एएसपी दिगंबर कुशवाह के पास पहुंचा। एएसपी दिगंबर कुशवाह ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए बेवर स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।