होमवर्क नहीं करने पर मासूम छात्रा को चमड़े की बेल्ट से पीटा
होमवर्क न करने करने पर सात साल की मासूम बच्ची को चमड़े की बेल्ट से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला कर्नाटक के बंगलुरू के पास का है।
एनडीटीवी के अनुसार, कक्षा दो में पढ़ने वाली मासूम बच्ची को चमड़े के बेल्ट से इतनी निर्दयता से पीटा गया है कि उसके शरीर में छिलने के निशान बन गए हैं। छात्रा की पिटाई करने वाला उसका ट्यूशन टीचर है।
बच्ची बंगलुरू के बाहरी इलाके नेलामंगला में मौजूद इंग्लिश मीडियम स्कूल संत जोसेफ स्कूल में पढ़ती है। वह एक प्राइवेट टीचर के यहां टयूशन पढ़ने गई थी।
पिटाई के निशान देखकर दंग रह गए घर वाले
हैवान टीचर की पिटाई से घायल हुई बच्ची रोते हुए जब घर पहुंची तो घर वाले बच्ची की हालत देखकर हैरान रह गए। बच्ची के पिता एक बिजनेसमैन हैं।
घर वालों ने बच्ची के रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि टीचर ने लेदर की बेल्ट से पिटाई की है। इसके बाद घर वालों ने बच्ची के कपड़े उतार कर देखा तो उसके शरीर पर पिटाई के जिस तरह के निशान थे उसे देखकर वह हैरान रह गए।
इसके बाद बच्ची के पिता ने नजदीक के थाने में जाकर पुलिस से घटना की शिकायत की। आरोपी टीचर पिछले 15 सालों से इलाके में कोचिंग चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।