अभिनेत्री से दुष्कर्म करने के आरोप में 'फिल्म प्रोड्यूसर' गिरफ्तार
मुंबई की बांद्रा पुलिस ने कथित फिल्म प्रोड्यूसर अलताफ मर्चेंट को एक अभिनेत्री से दुष्कर्म करने के आरोप गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अलताफ ने खुद को एक फिल्म प्रोड्यूसर बताकर अभिनेत्री को बड़े बजट की फिल्मों में काम दिलाने का झांसा दिया और फिर महीनों तक उसका दुष्कर्म किया।
मिड-डे के अनुसार, 32 वर्षीय ने अभिनेत्री ने अलताफ के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कहा था कि आरोपी ने उसे नशीले पदार्थ खिलाकर उसे नशे का आदी बना दिया है। आरोपी कई महीने से उसका यौन शोषण कर रहा है।
अलताफ पर लगे आरोपों की जांच कर रही पुलिस को सूचना मिली थी कि वह रविवार को विदेश भागने की फिराक में एअरपोर्ट पहुंच रहा है। इसके बाद पुलिस ने अलताफ को एअरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अभिनेत्री ने थाने में किया जमकर हंगामा
बांद्रा पुलिस ने अलताफ को गिरफ्तार कर जब थाने में लाई तो पीड़िता अभिनेत्री ने थाने में जमकर हंगामा किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी को उसके हाथों में सौंपा जाए, वह उसे सबक सिखाएगी।
इतना ही नहीं पुलिस अलताफ को जब अदालत में पेशी के लिए चेहरा ढककर ले जा रही थी तो अभिनेत्री ने उसका भी विरोध किया। अभिनेत्री की मांग थी बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले का चेहरा नहीं छुपाया जाना चाहिए। आरोपी का चेहरा सबके सामने आना चाहिए।
गौरतलब है कि 2013 में अपने एक दोस्त के जरिए अभिनेत्री अलताफ से मिली थी। अलताफ ने बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में अभिनेत्री को मिलने के लिए बुलाया था और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसका रेप किया था। अभिनेत्री ने बताया कि अलताफ ने अभिनेत्री बनने की चाह रखने वाली लड़कियों के अश्लील वीडियो भी बना रखे थे जिन्हें देखकर अभिनेत्री के होश उड़ गए थे।
अभिनेत्री अभी भी नशा से मुक्ति पाने के लिए अपना इलाज करा रही है।