उधार के 300 रु. मांगने पर बच्ची से रेप और हत्या
- 300 रुपए का कर्जदार बना हैवान, बच्ची से रेप के बाद हत्या
- आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया और गला घोंट दिया
- उधार के पैसे वापस देने के नाम पर बच्ची को साथ ले गया था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्या 300 रुपए के लिए कोई किसी की हत्या कर सकता है? क्या इस छोटी राशि के लिए कोई शख्स बच्ची के साथ दरिंदगी को अंजाम दे सकता है? इस खबर को पढ़ते हुए ये सवाल आपके जहन में जरूर कौंध जाएंगे।
यूपी के पीलीभीत में एक शख्स ने साल भर पहले एक दिहाड़ी मजदूर से 300 रुपए उधार लिए थे। साल भर बाद शिवरात्रि के अवसर पर जब उससे उधार दिए गए रुपए वापस मांगे गए तो कर्जदार ने उसकी आठ साल की बच्ची को ही अपनी हवस और दरिंदगी का शिकार बन डाला। बच्ची के साथ रेप किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पूरे इंसानी समाज को शर्मसार करने वाली हैवानी वारदात पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जहां दलित समुदाय की आठ साल की एक बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।
रविवार की शाम आरोपी उधार के रुपए लौटाने के बहाने उसे फुसलाकर ले गया था। सोमवार की सुबह बच्ची का शव गांव से एक किमी दूर एक खेत में मिला। शरीर पर गला घोटे जाने के निशान थे और सलवार खून से लथपथ थी। मृतका के पिता की ओर से उसी गांव के धर्मवीर उर्फ भालू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी और एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिवार वालों से जानकारी ली।
तहरीर के मुताबिक तीन साल पहले आरोपी ने मजदूरी पेशा मृतका के पिता से तीन सौ रुपए उधार लिए थे। शिवरात्रि पर रुपए की जरूरत पड़ी तो आरोपी युवक से रुपए देने को कहा गया। उसी दिन शाम के वक्त पीड़ित परिवार की बच्ची गांव की ही हमउम्र सहेली के साथ एक दुकान पर कुछ सामान लेने गई, जहां धर्मवीर उसे मिल गया।
पिता की बात सुनकर बच्ची ने भी मांग लिए थे उधार के रुपए
चूंकि बच्ची ने भी अपने पिता की बात सुनी थी, इसलिए उसने भी धर्मवीर से रुपए मांग लिए। बच्ची के सहेली के मुताबिक धर्मवीर उसे रुपए वापस करने के नाम पर अपने साथ ले गया।
काफी देर तक बच्ची जब घर नहीं लौटी तो पूरी रात परिवार वालों ने गांव में उसे तलाशा, लेकिन वह न मिली। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने घर वालों को बताया कि शाम को उन्होंने आरोपी के साथ बच्ची को देखा था।
इस पर रात में ही घर वाले आरोपी के घर गए, लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग जब खेतों की ओर गए तो देखा बच्ची का शव रेलवे लाइन के किनारे लाही के एक खेत में पड़ा था।
सूचना पर इंस्पेक्टर अतुल प्रधान और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा। खोजी कुत्ता शव सूंघने के बाद आरोपी के घर तक पहुंचा, लेकिन आरोपी हाथ न लगा।
पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया बच्ची के साथ रेप होने की भी आशंका है। आरोपी शराबी और जुआरी किस्म का है। बच्ची के पिता ने जो तहरीर दी है उसी के आधार पर एससीएसटी और पॉक्सो एक्ट के साथ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।