चंद सेकेंडों में चुरा लेता था बाइक, ऐसे आया पुलिस के चंगुल में, दिल्ली-यूपी में दर्ज हैं कई मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महज 20 सेकेंड में बाइक चोरी करने वाले मेरठ के चोर को पूर्वी जिला एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड) ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान लोहिया नगर, एडीएए कॉलोनी, मेरठ निवासी मोहम्मद इमरान (34) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने पिछले 9 सालों में 500 से अधिक बाइक चोरी कर मेरठ पहुंचा दी है। पुलिस ने इमरान की गिरफ्तारी से 21 मामले सुलझाते हुए उसके पास से कुल 12 बाइक बरामद की है। इसमें एक केटीएम बाइक भी शामिल है। इमरान के खिलाफ दिल्ली व यूपी में 23 मामले दर्ज हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह ने बताया कि जिले की एएटीएस टीम को छह अप्रैल को सूचना मिली थी कि पेपर मार्केट, गाजीपुर में मेरठ का कुख्यात चोर इमरान आने वाला है। सूचना के बाद एसीपी राकेश दीक्षित, इंस्पेक्टर डीपी सिंह, एसआई एमके सिंह, पंकज कुमार व एएसआई धर्मेंद्र व अन्य की टीम ने छानबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इमरान को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। उसके पास से बरामद बाइक मंडावली इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपी के पास से कुल नौ बाइक, दो मास्टर की व अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह पिछले नौ सालों से दिल्ली-एनसीआर में दोपहिया वाहन चोरी कर रहा है।
पांच हजार में बेच देता था बाइक
मेरठ के सौंतीगंज में बेचता था
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मो. इमरान ने बताया कि वह वर्ष 2009 से वाहन चोरी के धंधे में लिप्त है। मेरठ में लोगों को दिखाने के लिए वह कपड़ा बेचता है। उसने अब तक 500 से अधिक बाइक की चोरी की है। दिल्ली-एनसीआर में बाइक, बैंक के बाहर, शॉपिंग कांप्लेक्स व अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी करता था। कोई भी बाइक चोरी करने में उसे बस 20 सेकेंड का टाइम लगता था। बाद में बाइक को मेरठ के सौंतीगंज में बेच दिया जाता था।
इमरान ने बताया कि वह अकेला ही एक दिन में दो या तीन बाइक चोरी करता था। बाइक को मेट्रो या 24 घंटे चलने वाली अन्य पार्किंग में खड़ा कर देता था। उसके बाद एक-एक कर बाइक को मेरठ सौंतीगंज ले जाकर अलग-अलग रिसीवर को बेचता था। चोरी की बाइक के रिसीवर इन बाइक को कुछ ही मिनटों में पुर्जों-पुर्जों में अलग कर बेच देते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर और बाइक बरामद होने की उम्मीद है।