गुजरात में दस आतंकियों के घुसने की थी सूचना
- गुजरात के नाम पर कन्फ्यूज हुईं सुरक्षा एजेंसियां
- चार दिन तलाशने के बाद भी नहीं मिला सुराग
- आतंकियों से निपटने को एनएसजी भी लगाई
- पठानकोट में गुजरात गांव में है प्रसिद्ध शिवमंदिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात में दस आतंकवादियों के घुसने के खुफिया इनपुट के बीच दहशतगर्दों की तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियों को अभी तक खास सफलता हाथ नहीं लगी है। सूत्रों की मानें तो इंटलीजेंस एजेंसियों ने आतंकियों की बातचीत के दौरान जिस गुजरात का जिक्र सुना वो गुजरात राज्य का नहीं सीमा पर बसे पठानकोट जिले के एक छोटे से गांव गुजरात का था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार गुजरात में आतंकियों की कई दिन चली तलाश के बाद अब इस तरह के संकेत मिलने लगे हैं कि खुफिया एजेंसियां गुजरात के नाम पर कन्फ्यूज हो गई। शुक्रवार को आतंकियों की बातचीत के टेप मिलने के बाद एजेंसियों ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया, जिसके बाद एनएसजी की भी एक टीम को गुजरात भेजते हुए राज्य में लगातार आतंकियों की तलाश की जा रही थी।
आतंकियों की बातचीत के बाद खुफिया एजेंसियों ने शुक्रवार को बताया था कि लश्कर के दस फिदायीन आतंकी 26/11 जैसे हमले की फिराक में गुजरात में दाखिल हो चुके हैं।
पाक के एनएसए जंजुआ ने भी दी थी सूचना
इस सूचना के बाद एनएसजी की एक क्रैक टीम नई दिल्ली से गुजरात रवाना कर दी गई थी। लेकिन गहन छानबीन के बाद भी अभी तक किसी आतंकी का सुराग नहीं मिल सका है, आतंकियों की इस घुसपैठ के संबंध में पाकिस्तान के सुरक्षा सलाहकार जनरल नसीर खान जंजुआ ने भी पुष्टि की थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सारी कवायद के बाद भी अभी तक आतंकियों की कोई नहीं लोकेशन मिल सकी है। उन्होंने बताया कि संभव है यह हमला गुजरात राज्य में नहीं पठानकोट जिले के गुजरात गांव में करने की प्लानिंग रही हो। इस गांव में एक प्रसिद्ध शिव मंदिर है जहां शिवरात्रि पर काफी बड़ा मेला लगता है और बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
शिवजी का यह मंदिर पंजाब में दीनानगर बार्डर के पास ही है जहां पिछले एक साल में घुसपैठ की घटनाएं काफी बढ़ी हैं। आतंकवाद निरोधी मामलों से जुड़े एक विशेषज्ञ ने बताया कि अभी इन सूचनाओं की पुष्टि की जा रही है। गुरदासपुर में हमला करने वाले आतंकी भी पिछले साल इसी रूट से दाखिल हुए थे। वहीं घुसपैठ की सूचनाओं के बीच राज्य पुलिस और काफी तादाद में अर्धसैनिक बल मंदिर की सुरक्षा में तैनात कर दिए गए हैं।