{"_id":"6b00678f057b458aed077d53","slug":"nia-probe-us-citizen-van-dyke-accused-of-illegal-entry-and-training-militants-revelations-in-investigation-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"एनआईए: क्या दोबारा रडार पर होगा वैनडाइक, अवैध एंट्री के अलावा उग्रवादियों को ट्रेनिंग, इस दिशा में हो रही जांच","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
एनआईए: क्या दोबारा रडार पर होगा वैनडाइक, अवैध एंट्री के अलावा उग्रवादियों को ट्रेनिंग, इस दिशा में हो रही जांच
विज्ञापन
अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक पर भारत में लगे गंभीर आरोप
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
जमानत पर जेल से बाहर आ चुके अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक, दोबारा से एनआईए के रडार पर आ सकता है। अभी मैथ्यू वैनडाइक की मुसीबतें कम नहीं हुई हैं। वजह, एनआईए द्वारा अब इस बात की जांच की जा रही है कि मैथ्यू एरन वैनडाइक ने क्या भारत में किसी उग्रवादी समूह को ट्रेनिंग दी है। मणिपुर और उसके आसपास मौजूद उग्रवादी संगठन, जिन्होंने हथियार चलाने, ड्रोन का इस्तेमाल और अन्य तरह का तकनीकी प्रशिक्षण वैनडाइक से लिया है, राष्ट्रीय जांच एजेंसी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है। अगर इस बात के पुख्ता सबूत मिलते हैं तो अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक पर दोबारा से शिकंजा कसा जा सकता है। एनआईए के शीर्ष पदस्थ सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।
विज्ञापन
बता दें कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी की स्पेशल कोर्ट ने 18 सितंबर को अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक को जमानत दे दी थी। तब कहा गया था कि मैथ्यू, दिल्ली से बाहर नहीं जाएगा। वह जांच में सहयोग करेगा। कुछ दिन बाद मैथ्यू को विदेश जाने की अनुमति मिल गई थी। विशेष अदालत ने एक लाख रुपये के बेलबॉन्ड और एक लाख रुपये की श्योरिटी पर आरोपी को जमानत दी थी।
विज्ञापन
उससे पहले मैथ्यू सहित सात विदेशी नागरिकों के मामले में एनआईए ने जो चार्जशीट दाखिल की थी, उसमें सभी आरोपियों के खिलाफ 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 'यूएपीए' की धारा 18' हटा ली गई थी। चार्जशीट में केवल 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट', 2025 की धारा 21 व 23 लिखी थी। ये दोनों धाराएं फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस के स्तर पर समझौता योग्य अपराध की श्रेणी में आती हैं।
विज्ञापन
एनआईए के शीर्ष पदस्थ सूत्रों ने बताया कि इस केस की जांच दो पार्ट में की गई है। पहला, अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक ने भारत में वैद्य वीजा के जरिए प्रवेश किया था। जांच में यह बात सामने आई थी कि वह अवैध तरीके से म्यांमार में घुसा था। वहां से दोबारा उसने मणिपुर में प्रवेश करने के लिए अवैध तरीका अपनाया। यह केस की जांच का पहला पार्ट थी। अब दूसरे पार्ट की जांच की जा रही है। इसमें भारत के उन उग्रवादी समूहों का पता लगाया जा रहा है, जिन्हें मैथ्यू एरन ने ट्रेंड किया है। इस केस की गंभीरता के साथ जांच चल रही है।
एनआईए अपनी जांच में यह पता लगा रही है कि कौन से उग्रवादी समूह, मैथ्यू एरन के लाभार्थी हैं। यानी उन्होंने किसी भी तरह की ट्रेनिंग अमेरिकी नागरिक से ली है। अगर इस बाबत ठोस सबूत मिलते हैं तो तय कानून के अनुसार अमेरिकी नागरिक वैनडाइक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मैथ्यू एरन वैनडाइक सहित सात विदेशी नागरिकों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने और उग्रवाद से संबंधित कैंप आयोजित करने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। एनआईए के आरोपों में कहा गया था कि ये सभी विदेशी नागरिक, म्यांमार के जातीय समूहों के संपर्क मे थे। वहां पर ये लोग, समूहों के सदस्यों को ड्रोन एवं घातक हथियार चलाने की ट्रेनिंग दे रहे थे।
यह आरोप भी लगा था कि इन्होंने दूसरे मुल्कों से जातीय समूहों के लिए ड्रोन का इंतजाम किया था। इसी के चलते सभी आरोपियों के खिलाफ 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 'यूएपीए' की धारा लगाई गई थी। बाद में छह यूक्रेनी नागरिकों, हुरबा पेट्रो, स्लीवियाक तारास, इवान सुकमानोव्स्की, स्टेफनकिव मारियन, होंचारुक मक्सिम और कामिन्स्की विक्टर को भी जमानत मिल गई थी। इनके खिलाफ भी यूएपीए की धारा हटा ली गई थी।
एनआईए की स्पेशल कोर्ट 'राऊज एवेन्यू' ने जब अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक को डिफॉल्ट बेल दी, तब कोर्ट ने यह बात साफ कर दी थी कि इस मामले में गिरफ्तार अन्य छह युक्रेनी नागरिकों के पास भी जमानत लेने का अधिकार है। वजह, एनआईए ने अपनी चार्जशीट में उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ लगी यूएपीए की धारा हटा ली थी। हालांकि जांच एजेंसी का कहना था कि यूएपीए के एंगल से इस केस की जांच जारी रहेगी। इस केस में आगे सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की जा सकती है।
एनआईए डीजी ने किया दुर्व्यवहार का खंडन...
राष्ट्रीय जांच एजेंसी के प्रमुख राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को मैथ्यू वैनडाइक के उन आरोपों का खंडन किया है, जिसमें मैथ्यू ने आरोप लगाया था कि न्यायिक हिरासत के दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया था। दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन के समापन पर मीडिया से बात करते हुए अग्रवाल ने कहा, उन्होंने ये आरोप न्यायिक हिरासत के समय को लेकर लगाए हैं, न कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी के ख़िलाफ लगाए हैं। जांच के दौरान, वह छह-सात बार अदालत में पेश हुआ था। मैथ्यू ने तब भी ऐसे आरोप नहीं लगाए थे। अग्रवाल ने बताया कि सितंबर में जमानत मिलने के बाद, वैनडाइक एक बार अमेरिका से वापस आकर अदालती कार्यवाही में शामिल हुए थे। छह महीने तक तिहाड़ जेल में रहे मैथ्यू ने सोशल मीडिया में यह दावा किया था कि वहाँ उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उसके साथ मारपीट की गई और चिकित्सा सुविधा भी नहीं दी गई।
