युवक ने खुद को अमित शाह का भतीजा बताकर भाजपा विधायक को लगाया चूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवक ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का भतीजा बताते हुए मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक को 80 हजार का चूना लगा दिया। युवक की बात को सच मान विधायक ने उसकी जमकर खातिरदारी भी की। सच्चाई सामने आई तो विधायक ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। बताया जाता है कि युवक ने इसी तरह राजस्थान में भी एक विधायक को अपना शिकार बनाया था।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार मामला जुड़ा है उज्जैन के भाजपा विधायक मोहन लाल यादव से, जिन्हें कुछ दिन पहले विराज शाह नाम के युवक ने अच्छा खासा चूना लगा दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुणे के रहने वाले विराज शाह ने जीआरपी से यह कहते हुए संपर्क किया था वह शांति एक्सप्रेस के A1 कोच से सफर कर रहा था तभी उसका बैग चोरी हो गया। जिसमें उसका कीमती लैपटॉप, महंगी घड़ी, एक मोबाइल फोन और काफी महत्वपूर्ण सामान था, जिसकी कीमत उसने 11 लाख रुपये के करीब बताई थी।
युवक ने बताया कि कीमती सामान से भरा बैग चोरी
इसके बाद युवक ने उज्जैन के भाजपा विधायक से मदद मांगने के लिए फोन किया। उसने अपना परिचय भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के भतीजे के रूप में दिया, इस पर विधायक ने अपने सहयोगी नरेश शर्मा को भेजकर मामले में तत्काल कार्रवाई के लिए कहा।
वहीं विधायक ने विराज को अमित शाह का भतीजा मानते हुए उसे तुरंत 15 हजार रुपये का मोबाइल खरीदवाया। विधायक ने युवक को 50 हजार रुपये भी दिए ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
इसके अलावा उसके अहमदाबाद जाने के लिए हवाई जहाज के टिकट का इंतजाम भी कराया। दिनभर विधायक उसकी खातिरदारी में ही लगे रहे, उसे महाकाल मंदिर के दर्शन भी करवाए। वहीं विराज की शिकायत पर जीआरपी ने जांच शुरू की तो पता चला कि उक्त सीट पर जिस विराज का नाम था वो एक महिला का था। इसके अलावा उसने जो मोबाइल नंबर दिया था वह बंद जा रहा था। इसके बाद पुलिस को मामला समझते देर नहीं लगी।
राजस्थान में भी भाजपा विधायक को ऐसे ही लगाया था चूना
पुलिस ने इसकी तफशील से जांच की तो पता चला कि विराज नाम का युवक राजस्थान में भी ऐसा ही कारनामा कर चुका है। जहां उसने अबू रोड रेलवे स्टेशन पर ऐसा ही मुकदमा दर्ज कराकर जलना के भाजपा विधायक को इसी तरह चूना लगाया था। तब उसने खुद को अहमदाबाद का रहने वाला बताया था।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो उसकी बीवी ने बताया कि उनकी कोई चोरी नहीं हुई है। वहीं ठगे गए विधायक मोहन यादव ने बताया कि युवक इतने आत्मविश्वास से बात कर रहा था कि लगा ही नहीं वह झूठ बोल सकता है, यहां तक की जीआरपी पुलिस को भी उस पर कोई शक नहीं हुआ।
जीआरपी इंचार्ज दीपक शेजवार ने बताया कि आरोपी युवक को पकड़ने का पूरा प्रयास किया जा रह है। मामले में रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने बताया कि उसे इस संबंध में एक फोन आया था जिसके बाद उसने युवक को विधायक मोहन यादव का नंबर दे दिया।
