{"_id":"6a9173fcd699a5bd300b50fc","slug":"ujjain-horror-tractor-agency-owner-stabbed-to-death-over-honking-dispute-2-friends-injured-ujjain-news-c-1-1-noi1228-4660139-2026-08-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"हॉर्न बजाने को लेकर विवाद: बदमाशों ने चाकू गोदकर ट्रैक्टर एजेंसी मालिक को उतारा मौत के घाट, दो दोस्त घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हॉर्न बजाने को लेकर विवाद: बदमाशों ने चाकू गोदकर ट्रैक्टर एजेंसी मालिक को उतारा मौत के घाट, दो दोस्त घायल
Fri, 28 Aug 2026 05:40 PM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Fri, 28 Aug 2026 05:40 PM IST
सार
उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर 8-9 बदमाशों ने ट्रैक्टर एजेंसी मालिक यश मित्तल की चाकू मारकर हत्या कर दी। हमले में उनके दो दोस्त भी घायल हुए। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
ट्रैक्टर एजेंसी मालिक की हत्या
विस्तार
उज्जैन स्थित माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा मोड़ पर देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रास्ते से गाड़ी हटाने और हॉर्न बजाने के मामूली विवाद में 8-9 बदमाशों ने 27 वर्षीय ट्रैक्टर एजेंसी मालिक यश मित्तल की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हमले में यश के दो दोस्त भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मूल रूप से तराना के रहने वाले और वर्तमान में ऋषि नगर एक्सटेंशन में अपने माता-पिता के साथ रह रहे यश मित्तल (27) चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर का शोरूम चलाते थे। गुरुवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच यश अपने दोस्त अभय व्यास और मंगल के साथ कार से जा रहे थे। दमदमा मोड़ के पास जिला पंचायत कार्यालय के समीप कुछ युवक रास्ते में अपने वाहन खड़े किए हुए थे। रास्ता न मिलने पर यश और उनके दोस्तों ने हॉर्न बजाया, जिसको लेकर वहां मौजूद युवकों से कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- मई में दो बच्चों की मौत, फिर भी नहीं जागा सिस्टम; CMHO बोले-1500 गांव अकेला नहीं जा सकता, कल बालाघाट जाएंगे CM
विज्ञापन
तीन घंटे बाद मिला शव
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने तीनों दोस्तों पर चाकुओं से हमला कर दिया। बदमाशों ने यश को घेरकर उनके सीने, पेट और पैर पर कई वार किए। हमलावर यश को वारदात स्थल से करीब 50 मीटर दूर खींचकर ले गए। जान बचाकर भागे अभय और मंगल की पीठ पर भी चाकू से वार किए गए थे, जिन्होंने किसी तरह पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद सुबह 5 बजे पुलिस को जिला पंचायत कार्यालय के सामने यश का शव मिला। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह हुई पुलिस कार्रवाई
माधव नगर थाना प्रभारी (टीआई) गजेंद्र पचौरिया के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू समेत अन्य के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर 4 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पोस्टमार्टम रूम के बाहर मृतक के परिजन
