Ujjain News: पूर्ण वैदिक पद्धति से आज संपन्न होगा नागर ब्राह्मण समाज का सामूहिक विवाह, जानिए क्या रहेगा खास
कार्यक्रम संयोजक पं. हेमंत व्यास, प्रदेश महासचिव, मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद ने बताया कि आचार्य पंडित कैलाश शुक्ल के मार्गदर्शन में वैदिक पद्धति से कुल 11 जोड़ों का विवाह और 6 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होगा। आयोजन के सहसंयोजक लव मेहता ने जानकारी दी कि इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश से नागर ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे।
विस्तार
भूतभावन बाबा महाकाल की नगरी में समाजोत्थान, रूढ़िवादिता के शमन और पाखंड व आडंबर को समाप्त करने के संकल्प के साथ सामूहिक विवाह समारोह और यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन 2 मार्च 2025, रविवार को होने जा रहा है। यह आयोजन मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें परिषद की महिला शाखा अध्यक्ष सोनिया मंडलोई के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम संयोजक पं. हेमंत व्यास, प्रदेश महासचिव, मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद ने बताया कि आचार्य पंडित कैलाश शुक्ल के मार्गदर्शन में वैदिक पद्धति से कुल 11 जोड़ों का विवाह और 6 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होगा। आयोजन के सहसंयोजक लव मेहता ने जानकारी दी कि इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश से नागर ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण समाज की साधारण सभा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें शाखाओं के विस्तार, मां अन्नपूर्णा मंदिर के जीर्णोद्धार, समाज के समाचार पत्र "हाटकेश्वर समाचार" के प्रकाशन और आगामी अखिल भारतीय सम्मेलन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार कर निर्णय लिए जाएंगे।
इस समारोह में विभिन्न स्थानों से आए 11 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। उज्जैन, इंदौर, मंदसौर, शाजापुर, धार और अन्य जिलों से आए युवक-युवतियां परिणय सूत्र में बंधेंगे, जिनमें रवि नागर-रूचि भट्ट, रोहन नागर-पूजा शर्मा, उमाशंकर नागर-मीनाक्षी नागर, शुभम नागर-हर्षिता नागर, हर्षित नागर-रुक्मिणी नागर, कृतिक नागर-पलक व्यास, प्रितेश मेहता-ज्योति नागर, लोहीताश्व शर्मा-चारूलता नागर, गौतम शर्मा-मनीषा नागर, आयुष नागर-करुणा नागर और पियूष नागर-कविता मिश्रा के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा, चि. मुदित नागर, चि. आरूष जोशी, चि. वैदांश जोशी, चि. रेयांश नागर, चि. दर्श रावल और चि. रोहिन व्यास का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होगा। आयोजन की शुरुआत रविवार को ग्रह शांति एवं यज्ञोपवीत संस्कार से होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे वरनिकासी (प्रोसेशन) निकलेगी और मध्यान्ह 12:15 बजे शुभ विवाह संस्कार संपन्न होगा। दोपहर 2:30 बजे गौरिसन होटल एंड रिसॉर्ट, श्री अष्टविनायक मंदिर के पास, नया आरटीओ रोड, उज्जैन में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।