उज्जैन: नौ साल तक महाकाल की सवारी में सारथी रहा श्यामू हाथी इलाज के लिए वनतारा रवाना, दो साथी भी गए साथ
बाबा महाकाल की शाही सवारी में नौ साल तक सारथी रहे श्यामू हाथी को टीबी और पैरों की बीमारी के इलाज के लिए जामनगर स्थित वनतारा भेजा गया है। उसके साथ परिवार के दो सदस्य भी गए हैं।
विस्तार
बाबा महाकाल की शाही सवारी में करीब नौ साल तक भगवान के सारथी बनकर चलने वाले श्यामू हाथी को बेहतर इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भेजा गया है। लंबे समय से टीबी और पैरों के टेढ़ेपन की गंभीर समस्या से जूझ रहे श्यामू का अब वनतारा के पशु चिकित्सा केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जाएगा।
वनतारा की 15 सदस्यीय टीम दो विशेष वाहनों (रेस्क्यू ट्रक और पानी के टैंकर) के साथ उज्जैन पहुंची थी। उज्जैन वन विभाग, वनतारा के पशु चिकित्सकों और महावतों की मौजूदगी में श्यामू को सुरक्षित तरीके से जामनगर रवाना किया गया। नए माहौल में श्यामू को अकेलापन महसूस न हो और उसकी देखभाल बेहतर तरीके से हो सके, इसके लिए उसके परिवार के दो सदस्य हरिनारायण और शिवनारायण भी उसके साथ गए हैं।
स्थानीय इलाज से नहीं मिल रहा था आराम
इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी में अपने मालिक सरमन गिरि के साथ रहने वाले श्यामू की सेहत पिछले कुछ समय से लगातार बिगड़ रही थी। उज्जैन वन विभाग के डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि श्यामू टीबी से पीड़ित होने के साथ ही पैरों के टेढ़ेपन की समस्या से भी जूझ रहा था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बावजूद उसकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था। इसी वजह से उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया।
पढ़ें: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
उल्लेखनीय है कि करीब पांच महीने पहले इंदौर चिड़ियाघर के प्रभारी उत्तम यादव, पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन और पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉ. संजय गुप्ता की टीम श्यामू के सैंपल लेने पहुंची थी। हालांकि, उस समय मालिक के परिवार ने इसका विरोध किया था। बाद में हाथी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए मालिक ने स्वेच्छा से उसे दान करने के लिए लिखित आवेदन दिया। इसके बाद भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट जारी होते ही उसे वनतारा भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
मालिक को मिलेगा दूसरा हाथी, महावतों को नौकरी
सूत्रों के अनुसार, इस सहमति के तहत वनतारा प्रबंधन की ओर से श्यामू के मालिक को दूसरा हाथी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, श्यामू की देखभाल के लिए जामनगर गए हरिनारायण और शिवनारायण को वनतारा में ही नौकरी दी गई है। उन्हें 30 से 40 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ रहने की निशुल्क सुविधा भी दी जाएगी।
नौ साल तक निभाई बाबा महाकाल की सेवा
श्यामू के मालिक ने बताया कि वर्ष 2006 में रामू हाथी के साथ बाबा महाकाल की सेवा का सिलसिला शुरू हुआ था। वर्ष 2016 के बाद श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली और 2025 तक लगातार महाकाल की शाही सवारी की शोभा बढ़ाई। परिवार के सदस्य की तरह पले-बढ़े श्यामू को बेहतर इलाज के लिए विदा करते समय उज्जैनवासियों की आंखें नम हो गईं। लोगों ने उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

