Ujjain: जान लीजिए उज्जैन में कहां से मिलेगी अन्तर्राज्यीय बस, बस चालक-कंडेक्टर वर्दी नहीं पहनेंगे तो क्या होगा
उज्जैन में पुलिस की ओर से शहर के बस संचालकों के साथ बैठक में निर्णय लिया गया कि अब सभी अंतर्राज्यीय और स्लीपर कोच बसें नानाखेड़ा बस स्टैंड से संचालित होंगी। यह कदम महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने और बस संचालन में अनुशासन लाने के लिए उठाया गया है।
विस्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव द्वारा शहर के सभी प्रमुख बस संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य महाकालेश्वर दर्शन हेतु देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के बस यात्रा अनुभव को सुगम बनाना था। इस बैठक में शहर के सभी प्रमुख बस संचालकों को दिशा-निर्देश दिए गए कि अब स्लीपर कोच बसें और सभी अंतर्राज्यीय बसों का संचालन नानाखेड़ा थाना के पीछे स्थित अस्थाई बस स्टैंड से होगा।
बैठक में यह बताया गया कि आगर की ओर से आने वाली बसें मंडी चौराहा से पांड्याखेड़ी, पाइप फैक्ट्री चौराहा से इंजीनियरिंग कॉलेज टर्निंग होकर लाल गेट से नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचेगी। इसी प्रकार, बड़नगर की ओर से आने वाली बसें हरिफाटक चौराहा से शांति पैलेस होते हुए नानाखेड़ा बस स्टैंड पर जाएंगी। जिले के भीतर चलने वाली बसें देवास गेट बस स्टैंड से पूर्ववत संचालित होती रहेंगी, जबकि देवास और इंदौर जाने वाली बसें भी नानाखेड़ा से संचालित होंगी।
सभी बस संचालकों को यह निर्देश भी दिए गए कि किसी भी बस को जगह-जगह रोककर सवारी नहीं बिठाई जाएगी, न ही उतारी जाएगी। इसके साथ ही, बस चालक एवं कंडक्टर नियमित रूप से वर्दी में रहेंगे। नई व्यवस्था के लिए बस संचालकों को 15 दिन का समय दिया गया है ताकि वे अपने कार्यालयों को नानाखेड़ा स्थानांतरित कर सकें।
इस बैठक में परिवहन अधिकारी संतोष मालवीय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) विक्रम सिंह कनपुरिया, दिलीप सिंह परिहार, नगर निगम के सीईओ, उज्जैन सिटी बस के प्रभाकर, और प्रमुख बस संचालक उपस्थित थे।

जान लीजिए उज्जैन में कहा से मिलेगी अन्तर्राज्यीय बस, बस चालक कंडेक्टर वर्दी नहीं पहनेंगे तो क्य
