Ujjain: बोहरा समाज की पहल, धर्मगुरु के जन्मदिन पर 1000 से अधिक बर्ड फीडर बांटे, गर्मी में पक्षी बुझाएंगे प्यास
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि गर्मी में पक्षी खुले वातावरण में दाना-पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहते हैं, जिससे कई बार उनकी मौत हो जाती है। इस पहल के माध्यम से पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
विस्तार
दाऊदी बोहरा समाज के हिज होलीनेस डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब के 52वें धर्मगुरु के जन्मदिन के मौके पर उज्जैन में समाजजनों द्वारा एक अनोखी पहल शुरू की गई है। समाजजनों ने पक्षियों के लिए 1000 से अधिक बर्ड फीडर वितरित किए। यह कार्यक्रम कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी परिसर में आयोजित किया गया, जो मुंबई से आए सैयदना के भतीजे मुफद्दल भाई जमील की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। उन्होंने बोहरा समाज सहित अन्य समाजजनों को पक्षियों के लिए बर्ड फीडर वितरित किए।
भीषण गर्मी में मिलेगा दाना पानी
नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि जिस प्रकार मनुष्य का जीवन महत्वपूर्ण है, उसी प्रकार पक्षियों का भी जीवन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सैयदना साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर हम जीव दया का एक बहुत बड़ा कार्य कर रहे हैं। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों को दाना-पानी मिल सके, यह बहुत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि दाऊदी बोहरा समाज स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में कार्य करता रहता है। आज एक और अच्छी पहल शुरू की गई है।
दाना-पानी की तलाश में भटकते हैं
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि गर्मी में पक्षी खुले वातावरण में दाना-पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहते हैं, जिससे कई बार उनकी मौत हो जाती है। इस पहल के माध्यम से पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करना हम सभी का कर्तव्य है।
गौरैया को बचाने के लिए शुरू हुई यह पहल
बोहरा समाज के पीआरओ शेख अली असगर भाई मोय्यादी ने बताया कि हिज होलीनेस डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब के 52वें धर्मगुरु के जन्मदिन के अवसर पर 6 मार्च से 20 मार्च तक विलुप्त होती गौरैया को बचाने के लिए 'बुरहानी फाउंडेशन' और 'प्रोजेक्ट राइज' के सहयोग से एक पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत पूरे विश्व में 50,000 से अधिक बर्ड फीडर वितरित किए जाएंगे। इसी क्रम में कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पर एक कार्यक्रम आयोजित कर 1,000 से अधिक बर्ड फीडर वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण में उज्जैन दाऊदी बोहरा समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है और यह जीव दया का कार्य बहुत ही सराहनीय है। आने वाले समय में नगरभर में और अधिक दाना-पानी पात्र वितरित किए जाएंगे, ताकि पक्षियों को गर्मी में राहत मिल सके। कार्यक्रम का संचालन शेख मुतुर्जा भाई जमाली ने किया। इस दौरान तीनों आमिर साहब- शेख खोजेमा भाई बड़वानी वाला, शेख शब्बीर भाई बूंदीवाला, शेख यूनूस भाई उदयपुरवाला और शेख यूसुफ भाई लतीफ आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की तस्वीरें...



ये वीडियो भी देखिए...
