उज्जैन: टीकाकरण के बारे में बताने गई थी टीम, लोगों ने किया हमला, फोड़ दिया एक शख्स का सिर
हमले में घायल हुए शकील मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हम वहां जागरूकता पैदा करने गए थे। हमारा मकसद लोगों को कोरोना का टीका लगाना था, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हो रहे थे।
विस्तार
देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद लोगों की आदतों में बिल्कुल भी सुधार नहीं हो रहा। लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले किए जा रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले का है। यहां मालीखेड़ी गांव में कोरोना टीकाकरण के बारे में जानकारी देने गई मेडिकल टीम पर हमला किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडे भी चलाए, जिससे एक शख्स का सिर फूट गया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन जिले के मालीखेड़ी गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम कोरोना टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने गई थी। उस दौरान ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने मेडिकल टीम को भगाने के लिए लाठी-डंडे भी चलाए, जिससे सहायक सचिव के पति का सिर फूट गया।
MP: A medical team that was in Malikhedi village of Ujjain to create awareness about #COVID19 vaccination, was attacked. One person injured after being hit on head.
विज्ञापन विज्ञापन
Police say, "Some villagers verbally abused them & hit the husband of Asst Secy on head. FIR registered against 4" pic.twitter.com/k1K2bIAnh1— ANI (@ANI) May 24, 2021
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने मेडिकल टीम के सदस्यों को अपशब्द कहे। उन्होंने सहायक सचिव के पति के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित ने दी यह जानकारी
हमले में घायल हुए शकील मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हम वहां जागरूकता पैदा करने गए थे। हमारा मकसद लोगों को कोरोना का टीका लगाना था, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हो रहे थे। हमने सोचा कि हम उनके पास जाएंगे और उनसे बात करेंगे। इस दौरान कुछ लोग भीड़ के साथ आए और एक आदमी ने मेरे सिर पर लाठी से वार किया। वे संख्या में करीब 50 थे।
