भोपाल : एनकाउंटर में मारे गए आतंकियों की कब्र पर लगा शहीद का शिलालेख !
भोपाल के सेंट्रल जेल से भागे आतंकियों को खंडवा में उनकी कब्र पर शहीद लिखने का मामला सामने आया है। दरअसल भोपाल सेंट्रल जेल से भागने के बाद एनकाउंटर में मारे गए आतंकियों में से 5 आतंकी खंडवा के थे। जिन्हें मौत के बाद खंडवा के कब्रिस्तान में दफनाया गया था, लेकिन इनकी कब्र पर बड़े-बड़े शिलालेख लगाए गए हैं और उनकी मौत के शहादत का नाम दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ उपद्रवी लोगों ने शवों के स्थान पर कब्र बना दी और वहां ग्रेनाइट पत्थर के शिलालेख भी लगा दिए। वहीं दूसरी ओर, प्रशासन को इसकी भनक भी नहीं लगी। आ ग्रेनाइट पर सबसे पहले आयत लिखी गई है और उसके नीचे शहीद लिखा है। वहीं एनकाउंटर के स्थान अचारपुरा को शहादत का स्थान बताया गया है। ग्रेनाइट पर मारे जाने की तारीख और समय को शहादत का समय लिखा गया है।
कब्र पर लिखा शहीद का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर बुधवार को कब्र पर लगे शिलालेखों का वीडियो वायरल हुआ तो सब सकते में आ गए, क्योंकि इन शिलालेखों में उनकी मौत को शहादत बताया गया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया, उस हिस्से पर रात में आनन-फानन में पेंट कर दिया गया।
खंडवा के पुलिस अधीक्षक एम. एस. सिकरवार ने गुरुवार को स्वीकारा कि शिलालेखों पर मृतकों को शहीद बताया गया था और उन्हें पेंट करा दिया गया है।
गौरतलब है कि सिमी के 8 आतंकी खंडवा जेल से दिवाली की रात करीब 2-3 बजे के आसपास फरार हो गए थे। आतंकियों ने भागते समय वहां के हेड कॉन्स्टेबल रमाशंकर सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद आतंकियों ने चादर में लकड़ी बांधकर उसकी सीढ़ी बनाई और जेल की करीब 25 फुट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए।
