Shajapur: शहर काजी ने लोगों से कहा- जिम्मेदारी और उत्साह के साथ मनाएं ईद, अपनी निभाए जिम्मेदारी
Shajapur: सोमवार 17 जून को ईद-उल-अजहा का त्यौहार मनाया जाएगा। ये पर्व सिर्फ जानवर की कुर्बानी तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी के साथ इस्लामी तरीके से सद्भाव और भाईचारे का पैगाम देकर पूरे उत्साह से मनाने का है।
विस्तार
शहर काजी मोहसिन उल्ला साहब ने ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर समाजजनों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद की नमाज ग्राम गिरवर स्थित ईदगाह मस्जिद में प्रातः 8 बजे अदा की जाएगी। ईद मुसलमानों का प्रमुख त्यौहार है, इसे शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाकर भाईचारे का पैगाम देना हमारी जिम्मेदारी है।
काजी मोहसिन उल्ला ने ये भी कहा कि कुर्बानी अल्लाह की रजा के लिए की जाती है। लिहाजा दिखावा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में अक्सर देखा जाता है, जानवरों को बाजार में घुमाकर वीडियो बनाकर उसे अपलोड किया जाता है। यही नहीं पहले कई जगहों पर जानवर को जिबाह करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रसारित की गईं, ये काम इस्लाम और कुर्बानी के अदब के खिलाफ है। इस तरह का गैर शराई काम हरगिज नहीं होने चाहिये।
