कहीं घर गिरा तो कहीं गई जान: शहडोल में बारिश के बीच दो अलग-अलग हादसे, चरखरी जलाशय में महिला की मौत
लगातार बारिश से शहडोल में जनजीवन प्रभावित है। गोहपारू के चोरमारा में कच्चा मकान गिरने से महिला की गृहस्थी मलबे में दब गई। ब्यौहारी के चरखरी जलाशय में डूबने से एक महिला की मौत हो गई।
विस्तार
शहडोल जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। कहीं कच्चे मकान भरभराकर गिर रहे हैं तो कहीं जलभराव और हादसों के कारण लोगों की जान जा रही है। गोहपारू के चोरमारा गांव में बारिश के कारण एक महिला का कच्चा मकान गिर गया। वहीं, ब्यौहारी क्षेत्र में चरखरी जलाशय में डूबने से एक महिला की मौत हो गई।
गोहपारू तहसील के चोरमारा गांव निवासी गुलबिया (40) का कच्चा मकान बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय गुलबिया अपनी बच्ची के साथ जंगल गई हुई थीं। घर लौटने पर मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील मिला। घर में रखा अनाज और पूरा घरेलू सामान मलबे में दब गया। महिला ने करीब एक लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
पढ़ें: सीएम ने कहा- इंदौर के विकास को मिलेगी नई गति; राहुल के दौरे पर भी बोले
मकान गिरने के बाद गुलबिया अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर रहने चली गई हैं। पीड़िता का आरोप है कि वह मदद की उम्मीद लेकर ग्राम पंचायत पहुंची थीं, लेकिन पंचायत कर्मियों ने उनकी समस्या सुने बिना ही वापस लौटा दिया। महिला ने प्रशासन से मकान गिरने की स्थिति का निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
इधर, ब्यौहारी तहसील के ग्राम सलैहा निवासी बिज्जू सिंह (पति शिवनारायण सिंह) की चरखरी जलाशय में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बिज्जू शनिवार सुबह करीब 8 बजे से लापता थीं। तलाश के दौरान पता चला कि उन्हें जलाशय की ओर जाते हुए देखा गया था।
सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की। ब्यौहारी एसडीएम अर्चना मिश्रा ने एसडीआरएफ दल को भी बुलाया। पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। शाम करीब 3 बजे ग्रामीणों की मदद से बिज्जू का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
