{"_id":"678665e6b0d156f4dd0f4566","slug":"more-than-125-crore-rudrakshas-will-be-invited-now-devotees-will-not-face-any-problem-at-kubereshwar-dham-arrangements-made-on-the-lines-of-kumbh-sehore-news-c-1-1-noi1381-2520112-2025-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sehore: सवा करोड़ से अधिक रुद्राक्ष को किए जाएंगे अभिमंत्रित, अब कुबेरेश्वर धाम पर भक्तों को नहीं होगी परेशानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sehore: सवा करोड़ से अधिक रुद्राक्ष को किए जाएंगे अभिमंत्रित, अब कुबेरेश्वर धाम पर भक्तों को नहीं होगी परेशानी
Tue, 14 Jan 2025 07:10 PM IST
सीहोर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Tue, 14 Jan 2025 07:10 PM IST
विज्ञापन
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने दी जानकारी।
सीहोर में 25 फरवरी से 3 मार्च तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव में सवा करोड़ से अधिक रुद्राक्षों को अभिमंत्रित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां कुंभ की तर्ज पर की जा रही हैं। प्रयागराज में चल रहे कुंभ के चलते देश भर के साधु-संत कुबेरेश्वर धाम पर भी आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ते, भोजन, पेयजल, शौचालय और वाहनों की पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। पिछले साल की तरह इस साल भी रुद्राक्ष महोत्सव में रुद्राक्ष का वितरण नहीं होगा। इस बार 25 जनवरी से वितरण का क्रम थम जाएगा, जो आगामी 25 मार्च से दोबारा आरंभ होगा।
विज्ञापन
जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर और कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में आगामी 25 फरवरी से होने वाले सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर विठलेश सेवा समिति द्वारा तैयारियां एक माह पूर्व से शुरू कर दी गई हैं। इसको लेकर मंगलवार को शहर के लुनियापुरा चौराहा स्थित यशराज गार्डन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
महोत्सव के कार्यक्रम और व्यवस्थाएं
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन, क्षेत्रवासी और समितियां पूरी तरह से एकजुट हैं। सात दिवसीय महोत्सव में सुबह रुद्राक्ष से बनाए गए शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा दोपहर में कथा और रात्रि में सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार रुद्राक्ष महोत्सव में सवा करोड़ से अधिक रुद्राक्षों को अभिमंत्रित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ते, भोजन, पेयजल, शौचालय और वाहनों की पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
कुंभ की तर्ज पर होगा आयोजन
पंडित मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुंभ चल रहा है। इसके कारण बड़ी संख्या में भगवान शिव की पवित्र भूमि कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालु आएंगे। इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
बैठने और ठहरने की व्यवस्था
पत्रकार वार्ता के दौरान समिति की ओर से जानकारी देते हुए पंडित समीर शुक्ला ने बताया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने और ठहरने के लिए चार डोम का निर्माण किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकेंगे। इसके अलावा 20 एकड़ से अधिक क्षेत्र में कमरे आदि का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, हजारों की संख्या में सेवादार अपनी सेवाएं देंगे।
बैठक कर दिए गए निर्देश
जिला प्रशासन ने बीते सोमवार को समिति के साथ बैठक की। कथा के दौरान बेहतर इंतजाम, सुरक्षा, और नेशनल हाईवे पर आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तित करने तथा वैकल्पिक मार्गों पर चर्चा हुई। साथ ही पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, पार्किंग, स्वास्थ्य शिविर, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम, सहायता केंद्र, और मार्ग मरम्मत जैसी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम तक चलने वाले ऑटो, टैक्सी, और पार्किंग की दरें निर्धारित करने के भी निर्देश दिए गए।
धार्मिक कार्यक्रम सुबह से देर रात तक
भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में रुद्राक्ष महोत्सव के सात दिवसीय कार्यक्रमों का श्रीगणेश किया जाएगा। इसमें सुबह रुद्राक्ष से बनाए गए शिवलिंग का अभिषेक होगा। दोपहर में कथा और रात्रि में सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
