Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Sehore News ›   hree members of the same family brutally murdered in Budhni; bodies of a husband, wife, and their adult son

एमपी: बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या, घर में मिले पति-पत्नी और जवान बेटे के शव

Wed, 18 Nov 2026 06:42 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर Published by: शबाहत हुसैन Updated Wed, 18 Nov 2026 06:42 PM IST
सार

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। बकरियों के लगातार चिल्लाने पर पड़ोसियों ने घर में जाकर देखा तो पति-पत्नी और बेटे के शव मिले। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

विज्ञापन
hree members of the same family brutally murdered in Budhni; bodies of a husband, wife, and their adult son
दस साल से बुधनी में रह रहे परिवार का खौफनाक अंत - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित माना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घर के अंदर पति-पत्नी और उनके जवान बेटे के खून से लथपथ शव मिले। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घर में न तो लूटपाट के स्पष्ट संकेत मिले और न ही कीमती सामान गायब होने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद घर में बंधी बकरियों के लगातार चिल्लाने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो तीनों के शव पड़े मिले। पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

विज्ञापन

बकरियों की आवाज सुनकर पड़ोसियों को हुआ शक, घर में मिला मौत का मंजर
बुधवार सुबह घर में बंधी सात से आठ बकरियां लगातार चिल्ला रही थीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और परिवार के किसी सदस्य की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन के शव पड़े मिले। तीनों की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

विज्ञापन

सिर पर गंभीर चोटों के निशान, एक से अधिक हमलावरों की आशंका
प्रारंभिक जांच में तीनों मृतकों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी भारी या धारदार वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई। वारदात को अंजाम देने के तरीके से एक से अधिक हमलावरों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हमले में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

बाथरूम में मिला राकेश का मोबाइल, लूटपाट के नहीं मिले संकेत
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मृतक राकेश का मोबाइल फोन बाथरूम में पड़ा मिला। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है। वहीं, घर की अलमारी और कीमती सामान से छेड़छाड़ के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में लूटपाट के उद्देश्य से हत्या किए जाने की आशंका कमजोर मानी जा रही है। पुलिस मोबाइल की जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए वारदात की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

एसआईआर रिपोर्ट से मिला जीरापुर का कनेक्शन, परिजनों की तलाश
पुलिस के सामने मृतक परिवार के परिजनों तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ है। घटनास्थल पर कोई करीबी रिश्तेदार नहीं मिला। दस्तावेजों और एसआईआर रिपोर्ट की जांच में परिवार का संबंध राजगढ़ जिले के जीरापुर से सामने आया है। पुलिस स्थानीय बीएलओ और जीरापुर पुलिस की मदद से परिजनों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही परिवार की पुरानी पृष्ठभूमि और किसी संभावित विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।

दस साल से बुधनी में रह रहा था परिवार, जूते-चप्पल का करते थे कारोबार
जानकारी के अनुसार, राकेश मीणा करीब दस वर्षों से परिवार के साथ बुधनी के माना क्षेत्र में रह रहे थे। मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर निवासी राकेश बाजार और मेलों में जूते-चप्पल की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब एक महीने पहले परिवार का ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें राकेश और राधा को चोटें आई थीं। इसके बाद बेटा अश्विन दोबारा दुकान शुरू करने की तैयारी कर रहा था। सामान्य जीवन जी रहे परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सोमवार के बाद नहीं दिखा परिवार, हत्या का समय बना पहेली
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों को आखिरी बार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे देखा गया था। पुलिस का अनुमान है कि सोमवार रात से बुधवार सुबह के बीच वारदात को अंजाम दिया गया होगा। हालांकि, हत्या का वास्तविक समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी सुनील ठाकुर और एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

एएसपी बोले- हर पहलू पर जांच, आरोपियों की तलाश जारी
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के अनुसार, परिवार को सोमवार दोपहर आखिरी बार देखा गया था। घर में लूटपाट के संकेत नहीं मिले हैं। पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed