सागर: देवरी में खाद के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 665 बोरी यूरिया समेत स्टॉक सील
सागर के देवरी में किसानों की शिकायत पर कृषि, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने खाद विक्रेता हर्षित जैन के किराए के मकानों में छापा मारा। यहां 665 बोरी यूरिया समेत खाद का अवैध स्टॉक मिला, जिसके बाद परिसर सील किए गए।
विस्तार
जिले के देवरी में किसानों की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खाद का भंडारण करने वाले विक्रेता के प्रतिष्ठान और किराए के मकानों को सील कर दिया। कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की।
किराए के मकानों में मिला भारी स्टॉक
किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयुक्त टीम ने देवरी के खंडेराव वार्ड स्थित सहजपुर रोड और देवगुवा रोड पर खाद विक्रेता हर्षित जैन के किराए के मकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्वीकृत गोदाम के बजाय इन मकानों में भारी मात्रा में खाद का भंडारण पाया गया। मौके से 665 बोरी यूरिया, 7 बोरी टीएसपी और 8 बोरी एनपीके खाद बरामद की गई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों परिसरों को सील कर दिया। मामले का विस्तृत प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है।
निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत
किसानों ने दुकानदार पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने का आरोप लगाया था। जांच के दौरान मौके पर मौजूद किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों को राहत मिली।
पढ़ें: अभिनेता राजपाल यादव की फिर बढ़ी मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट के बाद अब महू कोर्ट में पेशी, जानें क्या है मामला?
खाद की दुकान में अनाज का कारोबार भी मिला
जांच के दौरान एक और अनियमितता सामने आई। खाद की दुकान में अनाज और गल्ले का कारोबार भी संचालित किया जा रहा था। कृषि विभाग ने खाद और अनाज की बोरियों को एक ही स्थान पर रखे जाने को गंभीर लापरवाही माना और दुकानदार को फटकार लगाई।
एसएडीओ उमाशंकर प्रजापति ने बताया कि किसानों की शिकायत पर संयुक्त निरीक्षण किया गया था। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। अवैध रूप से खाद का भंडारण करने वाले किराए के मकानों को सील कर दिया गया है। विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
