{"_id":"6afd3d1684af203fcd0092d1","slug":"75-year-old-laborer-using-single-bulb-slapped-with-rs-139-lakh-power-bill-in-sagar-sagar-news-c-1-1-noi1338-4945876-2026-11-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"हद है: टीवी-न पंखा, एक बल्ब जलाने वाले बुजुर्ग को थमाया 1.39 लाख का बिजली बिल; ऊपर से जेल भेजने की धमकी अलग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हद है: टीवी-न पंखा, एक बल्ब जलाने वाले बुजुर्ग को थमाया 1.39 लाख का बिजली बिल; ऊपर से जेल भेजने की धमकी अलग
Wed, 18 Nov 2026 02:11 PM IST
सागर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
Published by: सागर ब्यूरो
Updated Wed, 18 Nov 2026 02:11 PM IST
सार
मध्य प्रदेश के सागर जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के बेहरिया सानी गांव के 75 वर्षीय दुलीचंद को बिजली कंपनी ने 1 लाख 39 हजार 232 रुपये का बकाया बिल और वसूली नोटिस भेजा है। बुजुर्ग का आरोप है कि उनके पास वैध बिजली कनेक्शन नहीं है। इतना ही नहीं बिल नहीं भरने पर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
विज्ञापन
जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचा बुजुर्ग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झोपड़ी में न टीवी है, न पंखा और न ही बिजली से चलने वाला कोई अन्य उपकरण। परिवार का गुजारा मजदूरी से चलता है और घर में सिर्फ एक बल्ब जलता है। इसके बावजूद बिजली कंपनी ने 75 वर्षीय एक बुजुर्ग को 1 लाख 39 हजार 232 रुपए का बकाया बिजली बिल थमाते हुए वसूली का नोटिस जारी कर दिया है। इतनी बड़ी राशि का नोटिस मिलने के बाद से बुजुर्ग दहशत में है। मंगलवार को वह कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- इंदौरः वकील के खाते में गलती से आ गए 34 करोड़, भेजने वाले को नहीं थी जानकारी, खुद लौटाए
विज्ञापन
ग्राम बेहरिया सानी निवासी 75 वर्षीय दुलीचंद ने कलेक्टर को सौंपे शिकायती आवेदन में बताया कि मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बहेरिया वितरण केंद्र द्वारा उनके नाम पर बिना वैध कनेक्शन के ही बिल और नोटिस भेजे जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, अगस्त 2020 में पहली बार बिना किसी मीटर कनेक्शन के उनके नाम बिल जारी किया गया। इसके बाद 20 दिसंबर 2022 को 4,226 रुपये का नोटिस दिया गया। शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ और अब 10 सितंबर 2026 को सीधे 1,39,232 रुपये की वसूली का नोटिस थमा दिया गया।
विज्ञापन
जेल भेजने की धमकी और बिना सहमति मीटर लगाने का आरोप
मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले बुजुर्ग दुलीचंद ने बताया कि बिजली कंपनी के कर्मचारी घर आकर बिल जमा करने का दबाव बनाते हैं। राशि जमा न करने पर उन्हें जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, जिससे वे काफी डरे हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना ही झोपड़ी में एक बंद मीटर लगा दिया है। बुजुर्ग ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी बिल व नोटिस निरस्त करने और झोपड़ी से मीटर हटवाने की मांग की है।

जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचा बुजुर्ग

