{"_id":"6ac5d4da54e9a67b7206b421","slug":"early-morning-fire-ravaged-the-phalodi-supermarket-in-khilchipur-with-plumes-of-smoke-visible-as-far-as-the-eye-could-see-rajgarh-news-c-1-1-noi1454-4806588-2026-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजगढ़: खिलचीपुर के फलोदी सुपर बाजार में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से सहमे लोग, लाखों के नुकसान की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजगढ़: खिलचीपुर के फलोदी सुपर बाजार में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से सहमे लोग, लाखों के नुकसान की आशंका
Wed, 07 Oct 2026 01:42 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़
Published by: राजगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 07 Oct 2026 01:42 PM IST
सार
आज सुबह खिलचीपुर के फलोदी सुपर बाजार में अचानक आग लगने से दुकान में में मौजूद किराना समेत अन्य सामान जल गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग के कारणों की जांच जारी है।
विज्ञापन
सुपर बाजार में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के खिलचीपुर में बुधवार सुबह फलोदी सुपर बाजार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में दुकान से ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय दुकान के अंदर किराना समेत अन्य सामान रखा हुआ था। आग तेजी से फैलने के कारण दुकान में रखा सामान काफी हद तक जल गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने और दुकान का निरीक्षण किए जाने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।
विज्ञापन
दमकल ने संभाला मोर्चा
आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि काले धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था। सुबह बाजार क्षेत्र में आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और पानी की बौछार शुरू की। आग की लपटें तेज होने के कारण शुरुआत में इसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकलकर्मियों के प्रयास से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने की कोशिश की गई।
ये भी पढ़ें: आलीराजपुर: दिनदहाड़े बाइक सवार से 70 हजार और मोबाइल लूटा, नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में रोककर की वारदात
संवेदनशील इलाके में स्थित है बाजार
फलोदी सुपर बाजार भीड़भाड़ वाले महत्वपूर्ण क्षेत्र के नजदीक स्थित है। इसके आसपास विधायक कार्यालय, एसडीओपी कार्यालय और तहसीलदार का निवास भी है। ऐसे क्षेत्र में आग लगने की सूचना से प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद कुछ समय तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर दमकलकर्मियों की कार्रवाई देखते रहे। आसपास के दुकानदारों में भी अपने प्रतिष्ठानों को लेकर चिंता बनी रही।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा सकती है लेकिन अभी आधिकारिक तौर पर आग की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही घटना का वास्तविक कारण सामने आएगा।
फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और आसपास की दुकानों तक इसे फैलने से रोकने की रही। घटना के बाद बाजार में अग्नि सुरक्षा और बचाव के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दुकान में रखा सामान जलने से कारोबारी को बड़ा आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
