{"_id":"6aa385edccb57f6c1d0158d3","slug":"neemuch-cbi-action-in-50-lakh-bribery-case-cbn-officer-under-scanner-over-payment-to-relative-s-account-2026-09-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"नीमच में CBI का बड़ा एक्शन: 50 लाख के रिश्वत कांड में घिरे नारकोटिक्स अधिकारी, रिश्तेदार के खाते में ली रकम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नीमच में CBI का बड़ा एक्शन: 50 लाख के रिश्वत कांड में घिरे नारकोटिक्स अधिकारी, रिश्तेदार के खाते में ली रकम
Fri, 11 Sep 2026 10:09 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नीमच
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नीमच
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Fri, 11 Sep 2026 10:09 AM IST
सार
मादक पदार्थों की जब्ती से जुड़े एक मामले में CBI ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी के सरकारी आवास पर छापा मारा है। सूत्रों के मुताबिक करीब 50 लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन की जांच के बीच दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले गए।
विज्ञापन
सीबीएन अधिकारी के घर सीबीआई का छापा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मादक पदार्थों की तस्करी और सीज ड्रग्स को ठिकाने लगाने के खेल में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने नीमच में ऐसा तगड़ा शिकंजा कसा कि पूरे नारकोटिक्स विभाग में कोहराम मच गया है। गुरुवार देर शाम सीबीआई की टीमों ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की कॉलोनी में धावा बोलकर सीनियर अधिकारी सिद्धार्थ के सरकारी आवास को चारों तरफ से घेर लिया।
विज्ञापन
दरअसल ड्रग्स जब्ती के एक बेहद संवेदनशील मामले को दबाने और मामला सेटल करने के एवज में 50 लाख रुपये के संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन का कच्चा चिट्ठा हाथ लगने के बाद सीबीआई ने ये कार्रवाई की, जिसने महकमे की नींद उड़ा दी।
विज्ञापन
रिश्तेदार के खाते में पहुंची रिश्वत की रकम
सूत्रों के मुताबिक यह मोटी रकम सीधे अधिकारी के बैंक खाते में न भेजकर बेहद शातिर तरीके से उनके एक करीबी रिश्तेदार के खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। सीबीआई की रडार पर लंबे समय से चल रहे इस वित्तीय हेरफेर के पुख्ता डिजिटल सबूत हाथ लगते ही टीम ने बिना एक पल गंवाए नीमच में यह बड़ी कार्रवाई कर डाली।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: हीरापुर में मकान से 2.61 लाख की अवैध शराब जब्त, जले हुए क्वार्टर मिले, पोकलेन भी बरामद
देर रात तक खंगाले दस्तावेज और गैजेट्स
गुरुवार देर शाम से शुरू हुई यह हाई-वोल्टेज छापेमारी देर रात तक चलती रही। CBI के अधिकारियों ने घर के चप्पे-चप्पे को खंगाला, ड्रग्स जब्ती के रिकॉर्ड, पिछले मामलों की फाइलों और जब्ती सूचियों की बारीकी से जांच की गई। संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट व स्टेटमेंट कब्जे में लिए गए। साथ ही अधिकारी के लैपटॉप, स्मार्टफोन और अन्य उपकरणों को जब्त कर डेटा खंगाला जा रहा है।
महकमे में पसरा सन्नाटा
सीबीआई की इस अचानक और ताबड़तोड़ कार्रवाई से CBN कार्यालय में सन्नाटा पसर गया है। अधिकारी और कर्मचारी इस बात से खौफ में हैं कि इस जांच की आंच अब और कितनों तक पहुंचेगी। शुरुआती जांच के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ड्रग्स के काले कारोबार और सरकारी तंत्र की इस सांठगांठ ने महकमे की साख को बट्टा लगा दिया है। जांच एजेंसियों के शिकंजे के बाद अब कई अन्य चेहरों के बेनकाब होने की पूरी उम्मीद है। अभी सीबीआई के अधिकारियों ने कोई बयान जारी नहीं किया है। जांच कर रही टीम सीबीआई उदयपुर की बताई जा रही है।
