{"_id":"642e7e7e5fb0f0a51f0add68","slug":"in-morena-a-police-constable-was-kidnapped-and-put-in-a-scorpio-leaving-as-soon-as-the-siege-took-place-2023-04-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: मुरैना में पुलिस आरक्षक का अपहरण कर स्कॉर्पियो में डाला, घेराबंदी होते ही छोड़कर भागे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: मुरैना में पुलिस आरक्षक का अपहरण कर स्कॉर्पियो में डाला, घेराबंदी होते ही छोड़कर भागे
Thu, 06 Apr 2023 01:40 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Thu, 06 Apr 2023 01:40 PM IST
सार
मुरैना में बदमाशों पर खाकी का खौफ खत्म हो गया है। तभी तो बदमाशों ने पुलिस आरक्षक का अपहरण किया और स्कॉर्पियो में डालकर पीटते हुए ले गए। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने जवान को छोड़ा और भाग गए।
विज्ञापन
मुरैना का वह आरक्षक, जिसका बदमाशों ने अपहरण किया।
- फोटो : अमर
विस्तार
मुरैना जिले में बदमाशों के सिर से खाकी का खौफ बिलकुल गायब हो गया है। बदमाश न सिर्फ दिनदहाड़े टेरर टैक्स की मांग करते हुए व्यापारियों पर फायरिंग कर रहे हैं, पुलिस आरक्षकों का अपहरण भी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मुरैना में सामने आया। ठेले पर मोमोज खा रहे पुलिस आरक्षक ने बदमाशों को दादागिरी करने से रोका तो उसके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने उसे पीटते हुए स्कॉर्पियो में डाला और साथ ले गए। जब यह खबर पुलिस तक पहुंची तो अलग-अलग टीमें बदमाशों के पीछे लग गई। उसके बाद यह बदमाश आरक्षक को छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को तैनात कर दिया गया है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक रामकुमार सिकरवार वारंट तामिली का काम देखता है। रात को ड्यूटी के बाद वह न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने घर पहुंचा। रात को वह सिविल ड्रेस में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के चौराहे पर लगे ठेले पर मोमोस खाने गया हुआ था। उस दौरान स्कॉर्पियो में तीन लड़के आए। उन्होंने ठेले वाले से जल्दी मोमोज देने को कहा। भीड़ होने की वजह से वह लेट हो गया। ठेले वाला थोड़ी देर बाद उनके पास मोमोज लेकर पहुंचा तो वे गालियां देने लगे। ठेले वाले से दादागिरी होती देख पुलिस आरक्षक ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस पर तीनों ने उसके साथ अभद्रता करने लगे। पुलिस आरक्षक ने उनका विरोध किया तो स्कॉर्पियो सवार बदमाश मारपीट करने लगे। उसे अपनी कार में डाल ले गए। बदमाश कार में पुलिस आरक्षक की मारपीट करते हुए खनेता गांव के पास नहर पर ले गए। मामला देखकर लोगों ने इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।
विज्ञापन
पुलिस तत्काल हरकत में आई
जैसे ही पता चला कि आरक्षक का अपहरण हो गया है, पुलिस सक्रिय हो गई। खनेता गांव के पास बदमाशों के तीन साथी और आ गए। उन लोगों ने आरक्षक को कार से नीचे उतारकर जमीन पर पटक दिया। लात-घूंसों से उसके साथ मारपीट करने लगे। वहां जैसे ही पुलिस की गाड़ी पहुंची, आरक्षक किसी तरह उनके चंगुल से भागा और थाने में शिकायत दर्ज कराई। आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई। मारपीट, अपहरण और लूट की धाराएं लगाई गई हैं। रामकुमार ने बताया कि बदमाशों के पास गाड़ी में हथियार भी थे। जान से मारने की बात कह रहे थे। घायल आरक्षक का अस्पताल में इलाज कराया गया। सीएसपी अतुल सिंह ने कहा कि भरे बाजार से बदमाश एक आरक्षक का अपहरण कर ले गए। उन्होंने मारपीट भी की। बदमाशों को पकड़ने के लिए कोतवाली, नूराबाद और सुमावली थाने की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
