एमपी के सारणी में भीषण अग्निकांड: हार्डवेयर दुकान और सर्विस सेंटर जलकर खाक, फायर ब्रिगेड की देरी पर उठे सवाल
बैतूल के सारणी-पाथाखेड़ा में हार्डवेयर दुकान और सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। दुकान में रखा पेंट और ऑयल आग को भड़काता रहा। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के करीब एक घंटे देर से पहुंचने पर सवाल उठाए।
विस्तार
बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र के पाथाखेड़ा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक हार्डवेयर दुकान और उससे लगे सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि हार्डवेयर दुकान का पूरा सामान जलकर राख हो गया। दुकान में बड़ी मात्रा में पेंट और ऑयल रखा हुआ था, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई। वहीं, सर्विस सेंटर में भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर फायर ब्रिगेड मौजूद होने के बावजूद सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। तब तक आग दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी और भारी नुकसान हो गया था।
पढ़ें: जहरीली शराब कांड के बाद बड़ा एक्शन, 4 गांवों में ताबड़तोड़ दबिश, 14 लाख की अवैध शराब जब्त
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन पेंट और ऑयल के कारण आग लगातार भड़कती रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आगजनी में दोनों दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, फायर ब्रिगेड के करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने दमकल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
