{"_id":"6ab9bb543263da7cb701dd2e","slug":"elephant-enters-residential-area-in-maihars-ramnagar-causes-panic-for-several-hours-maihar-news-c-1-1-noi1431-4773787-2026-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"मैहर में आधी रात को रिहायशी इलाके में घुसा जंगली हाथी: दहशत में दुबके रहे लोग, पुलिस और वन विभाग अलर्ट मोड पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मैहर में आधी रात को रिहायशी इलाके में घुसा जंगली हाथी: दहशत में दुबके रहे लोग, पुलिस और वन विभाग अलर्ट मोड पर
Mon, 28 Sep 2026 11:01 AM IST
मैहर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर
Published by: मैहर ब्यूरो
Updated Mon, 28 Sep 2026 11:01 AM IST
सार
देर रात जंगली हाथी के रिहायशी इलाके में पहुंचने से दहशत फैल गई। हाथी कई घंटे तक सतना कैंप में घूमने के बाद पुराने रामनगर की ओर बढ़ गया। वन विभाग और पुलिस की टीमें निगरानी में जुटी हैं। लाउडस्पीकर से लोगों को घरों में रहने की अपील की जा रही है।
विज्ञापन
हाथी के रेस्क्यू में तैनात वनकर्मी
विस्तार
जिले के रामनगर क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी के रिहायशी इलाके में पहुंचने से हड़कंप मच गया। देर रात करीब 12 बजे हाथी रामनगर के व्यस्त इलाके सतना कैंप में पहुंच गया। आबादी के बीच हाथी को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के अंदर ही रहे। बताया जा रहा है कि हाथी कई घंटे तक सतना कैंप इलाके में घूमता रहा और इसके बाद चलते-चलते पुराने रामनगर की ओर पहुंच गया। हाथी के आबादी वाले क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और निगरानी शुरू कर दी।
विज्ञापन
लाउडस्पीकर से लोगों को घरों में रहने की अपील
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार लोगों को सतर्क कर रही है। लाउडस्पीकर के जरिए रहवासियों से घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथी के नजदीक जाने से बचने की अपील की जा रही है। लोगों को खास तौर पर हाथी का पीछा करने, वीडियो बनाने या मौके पर भीड़ जुटाने से बचने के लिए कहा गया है। वन विभाग और पुलिस के जवान हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। टीम का प्रयास है कि हाथी को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकालकर जंगल की ओर भेजा जाए।
विज्ञापन
कई इलाकों में घूम चुका है हाथी
जानकारी के अनुसार यह हाथी पिछले करीब 15 दिनों से बांधवगढ़ क्षेत्र से भटककर मैहर जिले के अलग-अलग इलाकों में घूम रहा है। इस दौरान हाथी की मौजूदगी कई ग्रामीण और आबादी वाले क्षेत्रों में देखी गई है। हाथी के कारण कुछ घरों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वहीं हाथी से जुड़ी एक घटना में एक व्यक्ति की मौत की बात भी सामने आई है। लगातार आबादी वाले इलाकों में हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों और रहवासियों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: गुना: किशोर के साथ मारपीट कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, तीन नाबालिग नामजद, जांच में जुटी पुलिस
तीन दिनों से निगरानी में जुटी टीमें
हाथी की निगरानी और रेस्क्यू के लिए वन विभाग की बड़ी टीम पिछले तीन दिनों से प्रभावित क्षेत्रों में तैनात है। वनकर्मी हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। हाथी के रिहायशी इलाके में पहुंचने के बाद पुलिस और वन विभाग ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए निगरानी और बढ़ा दी है।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
फिलहाल सतना कैंप और पुराने रामनगर क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के दौरान किसी नए जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि रिहायशी इलाके में हाथी के कई घंटे तक घूमने से लोगों में दहशत बनी हुई है।
वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी से दूर ले जाने के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हाथी के आसपास भीड़ न लगाएं, उसके नजदीक जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें और वन विभाग की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
