Omicron In MP: इंदौर में हुई ओमिक्रॉन की आमद, 8 मरीजों की रिपोर्ट में हुई पुष्टि, छह ठीक होकर घर लौटे, दो का उपचार जारी
इंदौर में पिछले दिनों विदेश से लौटे जिन आठ संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की निजी मेडिकल कॉलेज में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे उनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। इनमें से छह मरीजों की छुट्टी हो गई है और दो का उपचार चल रहा है।
विस्तार
दरअसल मप्र के गृह मंत्री और इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर के मरीजों में ओमिकॉन वैरिएंट की पुष्टि करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में इंदौर में करीब तीन हजार यात्री विदेशों से आए थे। इनकी जांच में 26 लोग पॉजिटिव पाए गए थे, इनमें से 8 ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीज निकले हैं। इन 8 में से 6 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। दो मरीजों का एमआरटीबी में उपचार चल रहा है। उनमें कोरोना के कोई गंभीर मरीज नहीं है। उम्मीद है कि ये भी जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। इन 26 लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है और उनमें कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं तथा सभी ठीक हैं।
गौरतलब है कि निजी लैब में जिन मरीजों के सैंपल की जांच में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है उनके सैंपल आइएलबीएस दिल्ली भी भेजे गए थे, वहां ओमिक्रॉन की पुष्टि हो गई है। मेडिकल कॉलेज ने दिल्ली की आईएलबीएस लैब को इसकी रिपोर्ट फाइल 24 दिसंबर को भेजी थी। वहां के माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. राजेश पांडे को भी यह रिपोर्ट भेजी गई। डॉ. पांडे ने इस रिपोर्ट का अध्ययन कर इंदौर के संदिग्ध मरीजों में ओमिक्रान के बी.1.1.529(बीए.1) की पुष्टि की है। दिल्ली एनसीडीसी विभाग अधिकृत रूप से इसकी रिपोर्ट जारी करेगा। विदेश से लौटे जिन आठ संदिग्ध मरीजों में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है उनमें से दो लोग न्यूयॉर्क व लंदन से लौटे थे। इसके अलावा एक व्यक्ति को दुबई से लौटा था। अफ्रीका के तंजानिया से लौटे दो मरीजों में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। जिन मरीजों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है उन्हें हल्का बुखार, खांसी व सर्दी के लक्षण थे।
41 केस मिले, इंदौर में सबसे ज्यादा
प्रदेश में 24 घंटे में प्रदेश में 41 केस आए हैं। इंदौर में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। शनिवार को इंदौर में कोरोना के 19 नए संक्रमित मिले हैं। 15 दिसंबर के बाद से संख्या लगातार बढ़ रही है। 23 दिसंबर तक तो 7 से 13 मरीज तक मिल रहे थे, लेकिन 24 दिसंबर को 22 और 25 दिसंबर को 19 मरीज मिले हैं। यह भी कहा जा रहा है कि जो नए मरीज मिले हैं उनमें से अधिकांश को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं। भोपाल में 11 मरीज मिले हैं। उज्जैन में पांच संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश में 252 मरीजों का चल रहा इलाज
प्रदेश में शनिवार को 58,993 टेस्ट किए गए, जिसमें से 41 पॉजिटिव मिले हैं। वर्तमान में एक्टिव मरीज की संख्या 252 हो गई है। प्रदेश में रिकवरी रेट 98.64 प्रतिशत है। शनिवार को 22 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं।
4.92 करोड़ नागरिकों को लग चुकी दोनों डोज
प्रदेश के 5 करोड़ 20 लाख 21 हजार 939 नागरिकों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुका है। 4 करोड़ 92 लाख 48 हजार 546 लोगों को दूसरी डोज भी लग चुकी है। शनिवार तक प्रदेश में कुल 10 करोड़ 12 लाख 70 हजार से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी है।
