मध्यप्रदेश : कुएं में गिरे 19 लोगों को बचाया गया, 11 लोगों के शव बरामद, पीएम मोदी ने जताया दुख
जिले के गंजबासौदा के लाल पठार क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को कुएं में गिरे एक किशोर को बचाने के प्रयास के दौरान अंदर गिरे लोगों में से अभी तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 11 लोगों के शव बरामद हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के गंजबासौदा के लाल पठार क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को कुएं में गिरे एक किशोर को बचाने के प्रयास के दौरान अंदर गिरे लोगों में से अभी तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 11 लोगों के शव बरामद हुए हैं। इसके साथ 24 घंटे से अधिक समय तक चला बचाव कार्य शुक्रवार रात 10 बजे खत्म हो गया।
वहीं पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
Anguished by the tragedy in Vidisha, Madhya Pradesh. My condolences to the bereaved families. An ex-gratia of Rs. 2 lakh each from PMNRF would be given to the next of kin of those who lost their lives: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) July 16, 2021
गौरतलब है कि पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम एक किशोर कुएं में गिर गया था, जिसे बचाने के लिए कुछ लोग उसमें नीचे उतरे। इस दौरान घटना को देखने के लिए कुएं की मुंडेर (जगत) और उस पर बनी छत पर कई लोग जमा हो गए। भीड़ के वजन से कुएं की मुंडेर और छत टूट गए और उस पर खड़े लोग अंदर जा गिरे।
इसके बाद इस कुएं में एक और हादसा हो गया। बचाव कार्य में लगा एक ट्रैक्टर कुछेक बचावकर्मियों के साथ बृहस्पतिवार रात को करीब 11 बजे इसमें गिर गया था। हालांकि, उनको बचा लिया गया।
मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग शुक्रवार रात को घटनास्थल से फोन पर बताया कि बचाव कार्य शुक्रवार रात 10 बजे खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद 19 लोगों को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। कुएं से कुल 11 शव बरामद हुए हैं।
इसी बीच, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गंजबासौदा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मरे लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, साथ ही घायलों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच और पीड़ितों को हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। चौहान ने बताया कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। आगे भी जरूरत हुई तो इन परिवारों की पूरी मदद की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस कुएं में हादसा हुआ वह लगभग 50 फीट गहरा है और उसमें पानी का स्तर करीब 20 फुट था।
