MP NHM में लोकायुक्त की रेड:सस्पेंड टेक्नीशियन की बहाली करने रिश्वत मांग रहे कार्यालय सहायकों को रंगे हाथ दबोचा
मध्य प्रदेश लोकायुक्त ने एनएचएम कार्यालय में महिला और पुरुष कार्यालय सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों एक सस्पेंड लैब टेक्नीशियन से बहाली के लिए रिश्वत मांग रहे थे।
विस्तार
मध्य प्रदेश नेशनल हेल्थ मिशन के दो कार्यालय सहायक किरण और नितिन को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों संस्पेड लैब टेक्नीशियन की अधिकारियों से बहाली कराने 1 लाख रुपए रिश्वत मांग रहे थे।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शेख हारुन नीमच के टीबी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर पदस्थ है। हारुन 2013 में भर्ती हुए थे। वे 30 दिन बिना सूचना के गैर हाजिर थे। इसके चलते विभाग ने उनको सस्पेंड कर दिया था। हारुन की बहाली का केस मध्य प्रदेश नेशनल हेल्थ मिशन भोपाल में चल रहा था। हारुन ने 25 फरवरी को शिकायत दी थी कि उसकी बहाली के लिए डाटा एंट्री कार्यालय सहायक किरण और नितिन 1 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त के इंस्पेक्टर वीके सिंह की टीम ने किरण और नितिन को बहाली की रिश्वत की पहली किश्त 10 हजार रुपये के साथ दोनों को रंगे हाथों पकड़ा है।
