लॉकडाउन की धज्जियां उड़ीं: भिंड के एक गांव में मनी जन्मदिन पार्टी, दस्यु गडरिया के नारे लगे
मध्यप्रदेश केउत्तरप्रदेश से लगे भिंड जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक की जन्मदिन पार्टी में सैकड़ों लोग शामिल हुए। कोरोना व लॉकडाउन के दौरान हुई ऐसी पार्टी की अब पुलिस कर रही है पड़ताल।
विस्तार
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के एक गांव में लॉकडाउन की धज्जियां उड़ने का मामला सामने आया है। एक युवक की जन्मदिन पार्टी में क्षेत्र के तमाम लोग शरीक हुए। इनमें कई पहलवान भी थे। इस दौरान पिस्टल व बंदूकें भी लहराए जाने व दस्यु रामबाबू गडरिया के नारे लगाए जाने की भी खबर है।
भिंड के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का कहना है कि ये लोग लॉकडाउन के दौरान एकत्रित हुए थे, इसलिए हमने केस दर्ज किया है। मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि घटना भिंड के गोरमी थाना क्षेत्र के शुक्लपुरा गांव में दो दिन पूर्व हुई थी। गोरमी पुलिस के अनुसार शुक्लपुरा कचनाव गांव के राजेश बघेल के बेटे का जन्मदिन मनाया गया था। इसमें ग्वालियर व आसपास के क्षेत्र के कई नामचीन लोग व पहलवान भी शरीक हुए थे।
गांवों की भीड़ उमड़ी
बताया जाता है कि जन्मदिन कार्यक्रम में गायक दल भी आया था। उसमें कैमरामैन भी थे। यह खबर जब ग्रामीणों को लगी तो वे भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान वहां आए लोगों ने बंदूकें और पिस्टलें लहराईं। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। कार्यक्रम में दस्यु रामबाबू गडरिया को लेकर नारेबाजी की भी खबर है। गडरिया पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। यह वीडियो घूमता हुआ जिले के पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो थानाधिकारी की खैर खबर ली गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को भगाया।
पुलिस ने केस दर्ज किया
गोरमी पुलिस ने जन्मदिन पार्टी के मेजबान राजेश बघेल व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन पर कोरोना कर्फ्यू के उल्लंघन के तहत धारा 188 में कायमी की गई है।
Madhya Pradesh: A video of large group of people gathered for birthday party in a village in Bhind goes viral
— ANI (@ANI) May 21, 2021
"They gathered during lockdown. We have filed a complaint & are investigating matter. Action to be taken accordingly," says ADSP
(Pic 1-Screengrab from viral video) pic.twitter.com/eFvEbUKDIs
