Khandwa News: अतिक्रमण हटाने की मेगा कार्रवाई में लगे 600 जवान और 30 JCB, 105 हेक्टेयर वन भूमि को कराया मुक्त
खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र में वनकर्मियों पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई। 30 जेसीबी से झोपड़ियां हटाकर 9 हजार से अधिक कंटूर ट्रेंच बनाए गए। 400 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अभियान चला। चार आरोपियों को हिरासत में लेकर अन्य की तलाश जारी है।
विस्तार
प्रदेश के खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र में सोमवार तड़के शुरू हुई अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, देर शाम को समाप्त हुई। इसके बाद इस क्षेत्र की करीब 105 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त करा लिया गया। यही नहीं, इस दौरान मौके पर मौजूद करीब 30 जेसीबी के जत्थे से इस भूमि पर 9000 से अधिक बड़े आकार के कंटूर ट्रेंच (गड्ढे) भी तैयार किए गए हैं, जो कि अब वर्षा ऋतु में इस भूमि के कटाव को तो रोकेंगे ही, साथ ही यहां का जलस्तर बढ़ाने में निर्णायक भूमिका भी अदा करेंगे। इससे एक बार फिर से इस क्षेत्र का जंगल बहुत जल्द हरा भरा और लहलहाते हुए नजर आने लगेगा।
अतिक्रमण हटाने की मेगा कार्रवाई में 105 हेक्टेयर वन भूमि को कराया गया मुक्त अतिक्रमण हटाने की मेगा कार्रवाई में 105 हेक्टेयर वन भूमि को कराया गया मुक्त अतिक्रमण हटाने की मेगा कार्रवाई में 105 हेक्टेयर वन भूमि को कराया गया मुक्त
कलेक्टर, एसपी, डीएफओ मौजूद रहे
रविवार को वन अमले पर हमले के बाद सोमवार सुबह 4 बजे से 400 पुलिसकर्मियों और 200 वनकर्मियों सहित राजस्व और स्वास्थ्य विभाग का अमला 30 जेसीबी मशीनें, ड्रोन कैमरे और लोडिंग वाहनों सहित मौके पर पहुंचा। खंडवा जिला प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से सभी अतिक्रमणकारी फरार हो गए। इसके बाद वहां अतिक्रमण कर बनाई गई झोपड़ियों को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया और उसका सामान जब्त कर लोडिंग वाहनों में रखवाया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी अगम जैन, डीएफओ राकेश डामोर, एएसपी महेंद्र तारणेकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- वनकर्मियों पर हमले के बाद एक्शन मोड में प्रशासन, कहा- शाम तक 90 हेक्टेयर जंगल होगा अतिक्रमण मुक्त
सुरक्षा के लिए बनाएंगे वॉच टावर और नाके
इधर, इस कार्रवाई को लेकर डीएफओ राकेश डामोर ने बताया कि इस जंगल क्षेत्र में बीते करीब डेढ़ वर्षों में 2130 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई जा चुकी थी, और सोमवार को हुई कार्रवाई में देर शाम तक 105 हेक्टेयर जमीन को अतिक्रमणकारियों से मुक्त करा कर सुरक्षित किया गया है। अब यहां वॉच टावर और नाके बनाए जाएंगे, ताकि एसएएफ और वन अमला इस क्षेत्र में भ्रमण करता रहे और जंगल को सुरक्षित रखा जा सके।
वन हमले पर हुआ था हमला
दरअसल, रविवार को आमाखुजरी क्षेत्र के 748 कंपार्टमेंट में गश्त कर रहे वन अमले की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने घात लगाकर पत्थरों, गोफन और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। इस दौरान करीब 45 वनकर्मियों के साथ 150 से अधिक अतिक्रमणकारियों ने वर्दी फाड़ने और मारपीट करने जैसी वारदात की थी। इस दौरान 10 से अधिक घायल हुए थे, इनमें से पांच वनकर्मी गंभीर घायल हुए थे। मामले में पिपलोद थाने में घायल वनरक्षकों की ओर से करीब 10 नामजद सहित 15 से अधिक अज्ञात हमलावरों पर मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने इस मामले में घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर चार अतिक्रमणकारियों को हिरासत में भी लिया है और बाकियों की तलाश जारी है।



