{"_id":"649703bcbde3cca77108ef5a","slug":"kamal-nath-says-shivraj-government-ruined-future-of-tribals-they-are-forced-to-migrate-for-employment-2023-06-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: कमलनाथ बोले, शिवराज सरकार ने आदिवासियों के भविष्य को चौपट कर दिया, वे रोजगार के लिए पलायन को मजबूर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Politics: कमलनाथ बोले, शिवराज सरकार ने आदिवासियों के भविष्य को चौपट कर दिया, वे रोजगार के लिए पलायन को मजबूर
Sat, 24 Jun 2023 08:25 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sat, 24 Jun 2023 08:25 PM IST
सार
कमलनाथ ने कहा कि आने वाला चुनाव आप सबके भविष्य को तय करेगा, नौजवानों के भविष्य को तय करेगा। चुनाव तो होते हैं, लेकिन ऐसा चुनाव कभी नहीं हुआ। आज आप केंद्र सरकार के आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्यप्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार और अन्याय में देश में सबसे आगे है। मंडला की जनता इस बात की गवाह है।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को मंडला जिले में जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने नर्मदा मैया और रानी दुर्गावती का जयकार लगाते हुए कहा कि मंडला जिले को मैं अपने हृदय के सबसे करीब मानता हूं। छिंदवाड़ा और मंडला जिले में बहुत समानताएं हैं। छिंदवाड़ा की आदिवासी जनसंख्या मंडला की आदिवासी जनसंख्या से ज्यादा है। पिछले 42-44 साल से आदिवासियों की सेवा कर रहा हूं, क्योंकि इनसे मुझे बड़ा लगाव है। मंडला आकर हमेशा ही खुशी होती है। परंतु दुख भी होता है कि इतनी ज्यादा संभावनाओं वाला अपना मंडला आज भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन की राजधानी बन चुका है।
विज्ञापन
‘मंडला को बना दिया पलायन की राजधानी’
पूर्व सीएम ने कहा कि यहां की समस्याओं को सुन कर दुख होता है। कभी कोई मुआवजे की बात करता है, कभी सड़कों की बात करता है, कोई मेडिकल कॉलेज, कोई अस्पताल तो कोई पुलिस की बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था और लचर कार्यशैली की बात करता है। आज मंडला ही नहीं पूरे प्रदेश का हाल किसी से छिपा नहीं है। प्रदेश की तस्वीर आपके सामने है। चौपट राज, चौपट सरकार, चौपट कानून व्यवस्था, चौपट शिक्षा व्यवस्था, चौपट स्वास्थ्य व्यवस्था, चौपट नदियां और चौपट नौजवानों का भविष्य, चौपट उद्योग-धंधे, भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में प्रदेश को चौपट कर रखा है। 18 वर्षों की भाजपा सरकार ने प्रदेश के आम नागरिकों के युवाओं का भविष्य चौपट कर दिया है। इतना ही नहीं मप्र ने मंडला और प्रदेश के आदिवासियों के भविष्य को भी चौपट कर दिया है। आज मंडला का युवा ही नहीं हर परिवार पलायन करने के लिए मजबूर है, मंडला को पलायन की राजधानी बना दिया है। आदिवासियों के लिए बने पेसा कानून में भी भर्ती घोटाला इस सरकार ने कर दिया।
विज्ञापन
वचन देकर किए ये वायदे
कमलनाथ ने कहा कि चुनाव आते ही शिवराज जी की झूठी घोषणाओं की मशीन डबल स्पीड से चलने लगी है। अगर आप सच्चाई का साथ देंगे, हम वचन देते हैं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम 500 रू. में गैस सिलेंडर देंगे, हर महिला को 1500 रू. मिलेंगे, पुरानी पेंशन देंगे, किसान कर्जमाफी की जाएगी और 100 यूनिट बिजली माफ और 200 यूनिट पर बिजली बिल हाफ लिया जाएगा।
विज्ञापन
कमलनाथ ने कहा कि आने वाला चुनाव आप सबके भविष्य को तय करेगा, नौजवानों के भविष्य को तय करेगा। चुनाव तो होते हैं, लेकिन ऐसा चुनाव कभी नहीं हुआ। आज आप केंद्र सरकार के आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्यप्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार और अन्याय में देश में सबसे आगे है। मंडला की जनता इस बात की गवाह है। मंडला की जनता शिवराज सिंह चौहान की बड़ी-बड़ी घोषणाओं की भी गवाह है। उदाहरण के तौर पर मंडला मेडिकल कॉलेज की कई बार घोषणा शिवराज जी ने की। परंतु जब हमारी सरकार आई तब हमने मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति तुरंत प्रदान की थी। मैं पूछना चाहता हूं कि पेसा कानून लागू करने में भारतीय जनता पार्टी को 18 साल क्यों लग गए, क्या आदिवासी हितों की याद उन्हें पहले नहीं आई? बिडंवना देखिए कि आदिवासीयों के पेसा कानून कोऑर्डिनेटर भर्ती में भी घोटाला कर दिया। मतलब साफ है कि कोई भी कानून हो या योजना हो भाजपा के लिए केवल भ्रष्टाचार करने का माध्यम बन जाता है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद जो चुनाव हैं, वे चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेंगे, यह जो नौजवान बड़ी संख्या में यहां मौजूद हैं उनका भविष्य सुरक्षित करेंगे। बड़े दुख की बात है कि आज देश में किस प्रकार हमारे जोड़ने और आपसी सामंजस्य की संस्कृति को आघात पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। समाज में एक दूसरे के प्रति दुर्भावना फैलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में आदिवासी और गैर आदिवासियों के बीच में हिंसा हो रही है। वहां, भारतीय जनता पार्टी का शासन है, इसकी शुरुआत हो चुकी है। तमिलनाडु में हिंदी का विवाद, पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं, किस और घसीटा जा रहा है हमारे देश को?
‘शिवराज जी आप किस काम के’
कमलनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में नौजवान बिना काम के, किसान बिना दाम के तो मैं पूछता हूं शिवराज जी आप किस काम के? शिवराज जी आपने आखिर प्रदेश को दिया क्या है? आपने महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया, बेरोजगारी, महंगी बिजली, लाचार स्वास्थ्य, सड़कों पर गड्डे दिए और इससे बड़ी बात घर-घर में शराब दी।
कमलनाथ ने कहा कि मैं वचन देना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम बच्चों की शिक्षा व्यवस्था, नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर, कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की दिशा में कार्य करेंगे। आप सभी पर विश्वास है कि सच्चाई का साथ देकर देश की संस्कृति के रक्षक बनेंगे और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।
