लालबाग की तिजौरी: महिला ने जताया तिजोरी पर हक, अफसरों ने कहा प्रमाण दो
इंदौर के लालबाग पैलेस परिसर में निर्माण कार्य के दौरान जमीन में आधी दबी मिली लोहे की भारी तिजोरी को लेकर नया दावा सामने आया है। परिसर में रहने वाली वंदना सोनी ने तिजोरी को अपने माता-पिता की निशानी बताते हुए उस पर हक जताया है।
विस्तार
इंदौर के लालबाग में मिली तिजोरी का इतिहास होलकर शासकों से जुड़ा है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। तिजोरी पर किसी तरह की सील भी नहीं मिली है। लालबाग परिसर में रहने वाली वंदना सोनी ने तिजोरी पर अपना हक जताया है।
उनका कहना है कि यह तिजोरी उनके माता-पिता की निशानी है। उपयोग नहीं होने के कारण इसे घर से बाहर रखा गया था। इसे चौकीदार और ड्राइवर ले आए थे। अधिकारियों ने कहा कि तिजोरी के मालिकाना हक के प्रमाण प्रस्तुत करने पर ही उसे लौटाया जाएगा। फिलहाल तिजोरी को खोला नहीं गया है।
लालबाग पैलेस परिसर में सड़क और बाउंड्रीवॉल का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक की नजर जमीन में आधी धंसी लोहे की भारी तिजोरी पर पड़ी। वह उसे निकालकर पैलेस के पास ले आया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से तिजोरी को सुरक्षित रखवा दिया। परिसर के चौकीदार ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान तिजोरी दिखाई दी थी, जिसे सुरक्षित रखवा दिया गया है। तिजोरी पर जंग लगा हुआ है। अधिकारियों ने उसे खोला भी नहीं है। उसका केमिकल ट्रीटमेंट कराया जाएगा।
परिसर में रहने वाली वंदना सोनी ने तिजोरी पर अपना दावा किया है। उनका कहना है कि उनका परिवार स्वर्णकार समाज से है। उनका पुराना मकान बारह मत्था में है। वहां से तीन महीने पहले वह तिजोरी लेकर आई थीं और लालबाग परिसर में रखी थी। महिला का कहना है कि तिजोरी लाने के वीडियो भी उनके पास हैं। परिसर में रहने वाले लोगों को भी तिजोरी के बारे में जानकारी है। अधिकारियों को परिसर में रहने वाले लोगों के बयान भी लेने चाहिए। फिलहाल तिजोरी को सुरक्षित रखा गया है।

