Indore Weather: मौसम ने दिखाए अनोखे रंग, बढ़ी सर्दी के बीच बारिश और मावठा के आसार
Indore News: इंदौर में मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला, जहां हल्की बारिश और मावठा गिरने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडक और बढ़ने की चेतावनी दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर में मंगलवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला, जिससे ठंड के असर में कमी महसूस की गई। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को 4 डिग्री बढ़कर 23.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3 डिग्री कम) हो गया। रात में भी ठंड का प्रभाव कुछ कम महसूस किया गया।
बुधवार से बदलेगा मौसम
आज सुबह हल्के कोहरे के कारण विजिबिलिटी 1100 मीटर रही। ठंडी हवाओं के चलते ठंड का असर बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मावठा गिरने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। मकर संक्रांति के आसपास मौसम की ठंडक और बढ़ गई है। अनुमान है कि 15 जनवरी को कोहरे के साथ मावठा गिर सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से इंदौर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धामले ने बताया कि 14 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 15 और 16 जनवरी को पूरे प्रदेश में दिखेगा। इसके बाद 17 जनवरी से ठंड में और इजाफा होने की संभावना है।
तेज ठंडी हवाएं चल रही
सोमवार को इंदौर में सुबह से ही तेज ठंड का प्रभाव रहा। दोपहर में बादल छाने के साथ-साथ 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। शाम तक ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहा, जिससे सड़कों पर आवाजाही कम हो गई।
सड़क किनारे सोने वालों को सुरक्षित स्थान पहुंचा रहा प्रशासन
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। शीत लहर को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर रात में एसडीएम और तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण किया। फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को रैन बसेरा और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का इंतजाम किया गया। एसडीएम निधि वर्मा ने किला मैदान के फुटपाथ से एक पिता-पुत्र को सुरक्षित आश्रय स्थल तक पहुंचाया।
