Indore:कल इंदौर में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मनेगा स्वच्छता में नंबर वन आने का जश्न
आयोजन के लिए नगर निगम के सफाई मित्रों को आमंत्रित किया गया है। उन्हें शानदार भोज दिया जाएगा। आयोजन ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस दौरान स्वच्छता गीत भी बजाया जाएगा।
विस्तार
देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने में लगातार आठवीं बार आने पर अब नगर निगम सफाई मित्रों को भोज देगा। इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। पिछले माह यह आयोजन होने वाला था, लेकिन मुख्यमंत्री की इंदौर यात्रा निरस्त हो गई थी। इस कारण आयोजन नहीं हो सका। गुरुवार को मुख्यमंत्री उज्जैन से इंदौर आएंगे और सफाई मित्रों के साथ भोज करेंगे। इस दौरान स्वच्छता कर्मवीरों का सम्मान भी किया जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर क्विक एप और 50 नई सिटी बसों का शुभारंभ कर इन्हें जनता को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री का इंदौर आगमन सुबह 11 बजे होगा। आयोजन में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित शहर के जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
पिछले दिनों महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को इंदौर आने के लिए आमंत्रित किया था। इस आयोजन के लिए नगर निगम के सफाई मित्रों को आमंत्रित किया गया है। उन्हें शानदार भोज दिया जाएगा। आयोजन ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस दौरान स्वच्छता गीत भी बजाया जाएगा। आपको बता दें कि इस बार इंदौर सहित 12 शहरों को स्वच्छता लीग में रखा गया था। जिसमें इंदौर को सबसे ज्यादा नंबर मिले थे।
50 नई सिटी बसों की सौगात
गुरुवार को मुख्यमंत्री 50 नई सिटी बसों की सौगात भी देंगे। एक माह पहले इन बसों की खेंप इंदौर आई थी। शहर के विभिन्न रुटों पर इन बसों का संचालन होगा। यह इलेक्ट्रानिक एसी बसें है। बसों की लागत 60 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 7 करोड़ की लागत से रणजीत हनुमान मंदिर पुनर्विकास कार्य का भूमिपूजन भी होगा।
