Indore: होली पर चौराहों पर पुलिस की सख्त चेकिंग, वाहनों चालकों पर गुलाल फेंकने वालों की बोरियां जब्त
कलेक्टोरेट तिराहे पर लगे पाइंट पर पुलिसकर्मी रंगों से भरी बोरियां जब्त करते नजर आए। यहां 20 से ज्यादा बोरियां दोपहर तक एकत्र हो गई थी। दरअसल चलते वाहनों पर गुलाल फेंकने की घटना के कारण अक्सर सड़क हादसे होते है, इसलिए गुलाल जब्त की गई।
विस्तार
इंदौर में होली के त्यौहार पर अक्सर आपराधिक घटनाएं होती है। पिछले दो दिन सालों से इस तरह के मामले हुए है। इस बार ऐसा न हो, इसलिए पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर जांच अभियान चलाया। दोपहिया वाहन पर शराब पीकर वाहन चला रहे युवकों को रोका और उनके वाहन जब्त कर लिए। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली गई।
कलेक्टोरेट तिराहे पर लगे पाइंट पर पुलिसकर्मी रंगों से भरी बोरियां जब्त करते नजर आए। यहां 20 से ज्यादा बोरियां दोपहर तक एकत्र हो गई थी। दरअसल चलते वाहनों पर बोरियों में से गुलाल भरकर दूसरे वाहन चालकों के चेहरे पर फेंकने की घटना के कारण अक्सर सड़क हादसे होते है।
यह खबर भी पढ़ें-होली के दिन ढाबों पर छापेमारी, कार में शराब पीते कई युवक पकड़े गए
इसे रोकने के लिए बोरियों से भरी गुलाल जब्त कर ली गई। परदेशीपुरा, कुलकर्णी भट्टा क्षेत्र पर युवकों की तलाशी भी ली गई। कुछ युवकों के पास से चाकू भी जब्त हुए है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात था। परदेशीपुरा क्षेत्र में वकीलों पर रंग फेंकने पर विवाद हो गया था।
भंवरकुआं क्षेत्र के होस्टलों में खूब खेली होली
भंवरकुआं, टाॅवर चौराहा, विष्णुपुरी वाले इलाके में सैकड़ों होस्टल है। यहां युवक-युवतियों ने खूब होली खेली। इस दौरान विवाद न हो, इसलिए बीट पुलिस जवान भी सक्रिय नजर आए। होली के बहाने हुड़दंग करने वालों को पुलिस ने उठक-बैठक लगवा कर सबक भी सिखाया। शाम के समय भी प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने जांच की।
