Indore: बाइक चुराते गुंडे को पोहे वाले ने पकड़ा, गुंडा पुलिसकर्मियों को काटकर पुलिस वाहन से भागा
फरियादी गणेश गुर्जर ने बताया कि गुंडा रविवार को पोहा खाने आया था, लेकिन पैसे नहीं चुकाए। इस बात पर कहासूनी हो गई। सोमवार दोपहर वह फिर आया और धीरे से दूसरी चाबी से बाइक का लाॅक खोल लिया और उसे लेकर जाने लगा।
विस्तार
इंदौर में गुंडे छोटे दुकानदारों को भी नहीं छोड़ रहे है। इंदौर में महूनाका चौराहा के पास एक गुंडे ने पोहे का ठेला लगाने वाले गणेश गुर्जर की बाइक चुरा ली। गणेश ने बाइक को धक्का देकर गिराया और गुंडे पर काबू पाने की कोशिश की। उसने चाकू और पिस्टल निकाल ली, लेकिन गणेश ने पकड़ ढीली नहीं होने दी।
इस दौरान गुंडे ने गणेश के हाथ और पैर पर काट लिया। इस बीच उसकी मदद के लिए एक सिख परिवार के लोग आ गए औ गुंडे को रस्सियों से बांध दिया। सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दो पुलिसकर्मी गुंडे को उठाने पहुंचे तो उसने उनके भी पैरों में काट लिया। उसे पुलिस वाहन में बैठाया।
घटना स्थल से अन्नपूर्णा पुलिस थाना आधा किलोमीटर भी दूर नहीं था, लेकिन पांच पुलिस जवान भी गुंडे को नहीं संभाल पाए और वह पुलिस वाहन से उतरकर भाग गया। पुलिसकर्मी उसका पीछा करने में भी असफल साबित हुए।
फरियादी गणेश गुर्जर ने बताया कि गुंडा रविवार को पोहा खाने आया था, लेकिन पैसे नहीं चुकाए। इस बात पर कहासूनी हो गई। सोमवार दोपहर वह फिर आया और धीरे से दूसरी चाबी से बाइक का लाॅक खोल लिया और उसे लेकर जाने लगा। मैं उसके पीछे दौड़ा और बाइक को जोर से धक्का दिया।
इसके बाद गुंडा सड़क पर गिर पड़ा तो मैंने उसे पकड़ लिया। उसकी जेंब में चाकू और पिस्तौल भी थी। उसे मदद के लिए आए लोगों ने निकाल लिया। हमने उसे रस्सी से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया,लेकिन पुलिस वाहन से वह भाग गया।
