Indore News: अस्पताल में शवों की अदला बदली पर हंगामा, बड़वाह से शव मंगाकर सौंपा परिजनों को
गुलाब के परिजन अस्पताल में शव लेने पहुंचे तो उन्हें रोहित का शव सुपर्द कर दिया गया। उन्होंने शव की शिनाख्त नहीं की और गुलाब का शव मांगा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को अपनी गलती का एहसास हुआ।
विस्तार
इंदौर के अरविंदो अस्पताल में शवों की अदला-बदली होने पर नाराज परिजनों ने हंगामा मचा दिया। अस्पताल प्रबंधन ने शव को इंदौर से 60 किलोमीटर दूर बड़वाह पहुंचा दिया था। अस्पताल से शव गायब देख परिजनों ने पुलिस को शिकायत की तो चार घंटे बाद शव फिर अस्पताल लाया गया और परिजनों को सौंपा।
25 वर्षीय युवक गुलाब निवासी सिंह छाडि़या निवासी जम्बुड़ी को डेंगू के लक्षण थे। प्लेटलेट्स कम होने के बाद शनिवार रात गुलाब की मौत हो गई। अस्पताल में 26 वर्षीय रोहित की सुबह छह बजे मौत हो गई। दोनो के शव पोस्टमार्टम रुम में रखे थे। सुबह रोहित के परिजनों ने गुलाब के शव की शिनाख्त रोहित के रुप में कर दी और शव अपने साथ अंत्येष्टी के लिए बड़वाह ले गए।
उधर गुलाब के परिजन अस्पताल में शव लेने पहुंचे तो उन्हें रोहित का शव सुपर्द कर दिया गया। उन्होंने शव की शिनाख्त नहीं की और गुलाब का शव मांगा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को अपनी गलती का एहसास हुआ और बड़वाह ले जा चुके गुलाब के शव को परिजनों को फिर अस्पताल भेजने को कहा। तब तक गुलाब के परिजनों ने हंगामा मचा दिया।
उन्होंने बाणगंगा थाने में शिकायत की। मौके पर पुलिस अफसर पहुंचे और मामला शांत कराया। चार घंटे बाद परिजनों को गुलाब का शव सुपर्द किया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों का आरोप था कि शव की जानबुझ कर अदला बदली की गई। इस मामले में अरविंदो अस्तपाल के जीएम राजीव सिंह का कहना है कि शवों को परिजनों की शिनाख्त कर दिया था। रोहित के परिजनों ने गलत शव की शिनाख्त कर शव ले लिया था। गलती का अहसास होने पर वे शव वापस अस्पताल लेकर आ गए थे।
