Indore News: कांग्रेस ने गांधी और अंबेडकर का फायदा उठाया, जनता कभी माफ नहीं करेगीः सीएम मोहन यादव
Indore News: मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के समापन अवसर पर इंदौर के गांधी नगर में वृहद कार्यक्रम का आयोजन, इंदौर और उज्जैन संभाग के हितग्राहियों को दिए गए प्रमाण पत्र।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
47 साल में बाबा साहब का स्मारक नहीं बनवा पाई कांग्रेस
इस मौके पर सीएम ने विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ के प्रमाण पत्र वितरण किए। गांधी नगर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा हम जिन आदर्श को मानते हैं। उनकी तिथियों का भी महत्व है। बाबा साहब अंबेडकर की जयंती या पुण्यतिथि पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कभी महू नहीं आए। कांग्रेस के लोग जब भी आते हैं आंखों में धूल झोंकने आते हैं। बाबा साहब ने संविधान दिया तो आना चाहिए तो 26 जनवरी को आते, आज क्यों आए हैं। बाबा साहब के साथ जीवन भर अन्याय करने वाली पार्टी कांग्रेस रही है। यादव ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने दो दो बार बाबा साहब को हरवाने के लिए पूरी ताकत लगा दी और जिन्होंने हरवा दिया उसे पद्म विभूषण दिलवा दिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि महू में आज कांग्रेस की झूठ की फैक्ट्री पहुंची है। प्रदेश में 47 साल तक कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद बाबा साहब का स्मारक क्यों नहीं बनाया। इन लोगों को इसका जवाब देना पड़ेगा।
63 सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवा रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुशासन और समता मूलक समाज के आधार पर देश को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए 63 प्रकार की विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, गरीबी रेखा राशन के लाभ उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रतिनिधि घर-घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए पुनः सर्वे कराया जा रहा है। राज्य सरकार "जियो और जीने दो" के सिद्धांत पर विश्वास करती है और हर गरीब का जीवन बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की समरसता और समानता की भावना को केन्द्र में रखकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने बाबा साहेब को वह सम्मान नहीं दिया, जो उन्हें मिलना चाहिए था। हमारी सरकार ने बाबा साहेब के उन स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया है, जो उनके जीवन से जुड़े हुए हैं।
प्रदेश में आरंभ किया गया है नशा मुक्ति अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पक्का मकान, गैस का चूल्हा, 2029 तक प्रतिमाह निशुल्क राशन, बच्चों के अध्ययन के लिए निःशुल्क पुस्तकों की व्यवस्था के साथ ही दुग्ध-उत्पादन में वृद्धि के लिए 10 से अधिक गाय पालने वालों को अनुदान की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नशा नाश की जड़ है, अतः प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान आरंभ किया जा रहा है। शराब दुकानों को हतोत्साहित कर दूध के उत्पादन को प्रोत्साहित करना हमारा उद्देश्य है। इससे बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सम्पन्नता सुनिश्चित होगी और परिवारों का जीवन बेहतर होगा। राज्य सरकार ने नशा के विरुद्ध अभियान के अंतर्गत ही धार्मिक शहरों से यह अभियान आरंभ किया है।
युवा, महिला, अन्नदाता और गरीब कल्याण के लिए मिशन मोड में कर रहे है कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा मिशन के अंतर्गत तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार कार्य दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में शासकीय नौकरियों के साथ ही औद्योगीकरण के माध्यम से निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने के लिए गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। युवा रोजगार देने वाला बने, इस लक्ष्य के लिए युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का कार्य हो रहा है। युवाओं के साथ ही महिला सशक्तिकरण, अन्नदाता किसानों और गरीब कल्याण के लिए भी मिशन मोड में कार्य करने के लिए 56 विभागों को चार भागों में बांटते हुए योजनाओं और कार्यक्रमों का समग्रता में संचालन कर प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में बदलाव की दिशा में कार्य जारी है।
जापान के उद्योग समूह अपनी उन्नत तकनीक के साथ प्रदेश में कार्य करने के इच्छुक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए जापान के उद्योग समूह अपनी उन्नत तकनीक के साथ प्रदेश में कार्य करने के इच्छुक हैं। इसका लाभ लेते हुए राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए जापानी उद्योग समूहों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से वे जापान जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विद्यमान बौद्धिक क्षमता, युवाओं के सामर्थ्य और उद्योगों के लिए विद्यमान सकारात्मक वातावरण के कारण प्रदेश को चार लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इससे 3 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री मोदी 24 और 25 फरवरी 2025 को भोपाल में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पधार रहे हैं। इससे मध्यप्रदेश विकास की ओर तेजी से अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफाई मित्रों को पादुकाएं पहनाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में विभिन्न योजनाओं में चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को सुरक्षा के लिए पीपीई किट प्रदान किए। साथ ही सफाई मित्रों को पादुकाएं भी पहनाई। हितलाभ वितरण के समय अनेक वृद्धजनों ने योजनाओं से लाभान्वित होने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मश्री के लिए चयनित भैरवसिंह चौहान का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
उप मुख्यमंत्री बोले अंबेडकर के आदर्शों को अपनाकर विकास कर रही सरकार
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार बाबा साहेब अंबेडकर के आदर्शों को अपनाकर विकास को गति दे रही है। केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि आजादी के बाद से अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिए जो काम नहीं हुए उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सरकार का मिलकर कर रही है। केन्द्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि अनुसूचित वर्ग के सम्मान के लिए महू को पंचतीर्थ में से एक घोषित किया गया है। हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान के लिए जनजातीय वर्ग के भैरू सिंह चौहान का चयन किया गया है। सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि संविधान के रचियता बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों को साकार करने का काम केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर कर रही है। पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य ने स्वागत भाषण देते हुए बाबा साहेब अंबेडकर के अभूतपूर्व योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद शंकर ललवानी, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेन्द्र हार्डिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाले नागरिक मौजूद रहे।
उज्जैन संभाग के हितग्राही भी पहुंचे
इंदौर के गांधी नगर में सुबह 11 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में इंदौर एवं उज्जैन संभाग के हितग्राही शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार और राज्य सरकार की चिन्हित हितग्राही मूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित योजनाओं को प्राप्त करने के लिए 11 दिसम्बर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हजारों हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
सरकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ लें
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हम जरूरतमंदों को शासकीय योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। कलेक्टर कार्यालय और अन्य विभागों में शासकीय योजनाओं के लिए नियमित सेवा चालू रहती है। हम जरूरतमंदों से अपील करते हैं कि वे शासकीय योजनाओं का लाभ लें और बेहतर जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
