Indore: जैसलमेर में हुए सड़क हादसे में मेजर हमजा की मौत, ऊंट से टकराया था वाहन; देर रात इंदौर आएगा शव
इंदौर के 31 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की जैसलमेर में सड़क हादसे में मौत हो गई है। ड्यूटी से लौटते समय उनका सैन्य वाहन ऊंट से टकराकर पलट गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
ड्यूटी कर लौट रहे इंदौर के मेजर हमजा आरिफ का जैसलमेर में हुए सड़क हादसे में निधन हो गया है। वे सैन्य वाहन में अन्य सैन्यकर्मियों के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन एक ऊंट से टकराकर पलट गया। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में दो अन्य सैन्यकर्मी भी घायल हुए हैं।
मेजर हमजा की सगाई हो चुकी थी। घर पर अन्य वैवाहिक कार्यक्रमों की तैयारी चल रही थी। मेजर हमजा 31 वर्ष के थे। उनका पार्थिव शरीर शनिवार देर रात इंदौर पहुंचेगा। इसके बाद रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा।
मेजर आरिफ हमजा पिछले नौ वर्षों से सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे थे। एक माह पूर्व ही उनका विवाह तय हुआ था और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार में माता-पिता और तीन बहनें हैं। उनके पिता आरआरकैट (RRCAT) से सेवानिवृत्त होकर राजेंद्र नगर क्षेत्र में निवास करते हैं।
मेजर हमजा के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। राऊ विधायक मधु वर्मा, स्थानीय पार्षद प्रशांत बड़वे, नवनीत हार्डिया सहित अनेक लोगों ने उनके घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
