Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   indore-jayant-bhise-memories-and-sanand-nyas-journey

जयंत भिसे स्मृति शेषः कुछ लोग शहर छोड़कर चले गए… कुछ देश और कुछ दुनिया ही…

Thu, 12 Nov 2026 05:58 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Thu, 12 Nov 2026 05:58 PM IST
सार

इंदौर की गलियों और पुरानी यादों से जुड़ा एक भावनात्मक लेख, जिसमें लेखिका स्वरांगी साने ने स्व. जयंत भिसे और सानंद न्यास से जुड़े अनमोल संस्मरण साझा किए हैं।

विज्ञापन
indore-jayant-bhise-memories-and-sanand-nyas-journey
स्व. जयंत भिसे। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

विस्तार

कर्मभूमि पुणे से गृह नगर इंदौर जाकर किससे मिलना है, इसकी सूची लगातार कम होती जा रही है। कितनी यादें हैं, अनगिनत स्मृतियां, गप्पें-बतकहियां, किस्से-कहानिया, सलाह-सुझाव… और एक तस्वीर भी नहीं है साथ की। जयंत भिसे जी के साथ का दौर वह दौर था, जब गाहे-बगाहे तस्वीरें खिंचवाने का कोई चलन नहीं था। चलन आया, लेकिन हमारा रिश्ता तो इस नए चलन से पहले का, बरसों पुराना था। मिलते रहे, तब भी तस्वीरें खिंचवाने का कोई मानस नहीं बना। ध्यान ही नहीं आया कि साथ में तस्वीर भी खिंचवानी चाहिए, याद के लिए या दुनिया को बताने के लिए।
विज्ञापन


जयंत भिसे जी से दुनिया को बताने जैसा रिश्ता भी नहीं था। सीमा जी को मैं वहिनी, मतलब भाभी, कहती थी। इस नाते जयंत भैया हुए। एक ही समुदाय के होने से मराठी भाऊ भी। रिश्ता भी कमोबेश वैसा ही था, पर कभी उन्हें जयंत दादा नहीं कहा। आवश्यकता भी नहीं हुई। औपचारिक पहचान से अनौपचारिक रिश्तों में संबंध बदलते गए। इंदौर छूटा। इंदौर के कई लोग, कई मित्र-रिश्तेदार, जाने-पहचाने चेहरे, लोग और उनसे जुड़े संबंध भी छूटे, पर जयंत जी से परस्पर आत्मीयता का अनूठा संबंध बना रहा। ऐसा भी नहीं था कि उनसे लगातार फोन पर बात होती हो, लेकिन ऐसा भी नहीं था कि मैं इंदौर जाऊं और उनसे न मिलूं। वे भी समय निकालकर मिलते।
विज्ञापन


ऐसा भी नहीं था कि हर वार-त्योहार पर उन्हें फोन जाता हो या उनका फोन आता हो, लेकिन जब भी कोई महत्वपूर्ण घटनाक्रम होता, या तो उनका मुझे या मेरा उन्हें फोन चला जाता। अवसरों की तलाश उन्हें खुद के लिए भी थी और दूसरों के लिए भी। वे मुझे बताते रहे कि मेरे लिए कहां, कौन-सा अवसर है और मुझे कौन-सा द्वार खटखटाना चाहिए। हो सकता है, वे ऐसा कई लोगों के लिए करते हों। हां, वे सानंद न्यास के अध्यक्ष थे। जब वे सचिव थे, तब भी सानंद न्यास उनके होने से ही जाना जाता था। नियमित आयोजनों की प्रेस विज्ञप्तियां, कार्यक्रम, उन कार्यक्रमों के आमंत्रण और उनकी समीक्षाएं… इनसे परिचय का सिलसिला बढ़ा। महाराष्ट्र से दूर रहते हुए मेरी तरह कई लोगों का महाराष्ट्र से परिचय उनके जरिए ही घनिष्ठ हुआ होगा और उनसे घनिष्ठता भी मराठीपन की वजह से ही हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने सानंद को खड़ा किया। किसी ने उस संस्था को अमीरों का क्लब हाउस भी कहा, पर उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। सानंद पुस्तकालय और जत्रा की मूल संकल्पना उनकी ही थी। तब मेरे मन में भी विचार आया कि क्यों न इंदौर के मराठी पत्रकार प्रेस क्लब से अलग हटकर कहीं मिला करें। ऐसे ही विचारों का आदान-प्रदान हो और सतत संवाद बना रहे। इसी विचार से 'सतत संवाद' नाम देकर हम मिलने लगे। उस दौर के जिन मराठी पत्रकारों से इस वजह से राब्ता हुआ, उनके साथ का रिश्ता भी अलग ही आत्मीयता लिए आज तक बरकरार है।


हां… तो जयंत जी से संबंध बहुत घनिष्ठ थे… इतने कि उनके साउथ तुकोगंज के फ्लैट में उनके परिवार के साथ भोजन पर भी गई थी। शायद यह 25-26 साल पुरानी बात होगी और शायद उनसे परिचय इससे भी कुछ साल पुराना रहा होगा… मतलब, एक ऐसी मित्रता, जो अपनी परिपक्वता की आयु तक पहुंचकर विलीन हो गई। उनके जाने की पीड़ा है… पिछली बार मैं कब इंदौर आई थी, कब उनसे मिली थी… कितने दिन, कितने महीने हो गए… यही सब याद कर रही हूं। यह वैराग्य घर कर रहा है। बीते कुछ साल से इंदौर जाना भी कम हो गया है। अब लगता है कि जाऊं तो सबसे मिल लिया करूं… जाने कब, किससे, कौन-सी मुलाकात आखिरी हो जाए…
और याद आ गई अपनी यह कविता…

जरूरी सच
जो बचा है
उसे बचा रहने दो उनके लिए
जो इसी रास्ते से गुजरेंगे
जो बाकी है होना
उसे भी छोड़ दो समय की गोद में
जो है और जो नहीं है उसके बीच
जो रह जाए बाकी
उसे ही ले चलो साथ
क्योंकि केवल वही है
आपके हिस्से का
बहुत छोटा लेकिन जरूरी सच।

- स्वरांगी साने
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed