इंदौर:इंदौर में लाइन सुधारते समय बिजली कर्मचारी पोल से गिरा, हो गई मौत
इंदौर में बिजली लाइन सुधारते समय सुरक्षा में लापरवाही एक कर्मचारी की जान पर भारी पड़ गई। ग्वालटोली क्षेत्र में बिजली गुल होने की शिकायत पर लाइन सुधारने पहुंचे आउटसोर्स कर्मचारी की 20 फीट ऊंचे पोल से गिरने के बाद मौत हो गई।
विस्तार
इंदौर में बिजली लाइन सुधारते समय एक बिजली कर्मचारी की पोल से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बिजली कंपनी के कॉल सेंटर पर ग्वालटोली क्षेत्र में बिजली गुल होने की शिकायत आई थी। इसके बाद बिजली कर्मचारी राजेंद्र पिता अजय राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचा था। वह करीब 20 फीट ऊंचे पोल पर चढ़कर बिजली लाइन सुधार रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। राजेंद्र ने हेलमेट और सुरक्षा बेल्ट भी नहीं पहनी थी।साथी कर्मचारी उसे तत्काल वाहन से एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजेंद्र तीन साल पहले बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर काम करने लगा था। वह पलासिया जोन के अंतर्गत काम करता था। राजेंद्र मूल रूप से बागली का रहने वाला था और चार साल पहले इंदौर आया था। उसका एक भाई भी बिजली कंपनी में कर्मचारी है। राजेंद्र के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। परिवार के मुखिया की मौत से परिजन दुखी हैं।
घटना के बाद बिजली कंपनी के अधिकारी हादसे के दौरान बरती गई लापरवाही की जांच कर रहे हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों को भी काम के दौरान हेलमेट, रबर के दस्ताने और सुरक्षा बेल्ट पहनने के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।
