इंदौर: इंदौर में कछुए की तस्करी में युवक गिरफ्तार, वन विभाग ने 21 कछुए बरामद किए
इंदौर में वन्यजीव तस्करी के मामले में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 संरक्षित कछुए बरामद किए हैं। ये कछुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के गिरफ्तार सदस्य रौनक जुनेजा की निशानदेही पर मिले हैं
विस्तार
वन्यजीव अपराध और शिकार की रोकथाम के लिए गठित विशेष इकाई ने इंदौर में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के एक गिरफ्तार सदस्य की सूचना पर संरक्षित प्रजातियों के 21 कछुए बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) की इंदौर इकाई ने यह कार्रवाई की है। देवास निवासी रौनक जुनेजा (28) ने अग्रिम जमानत याचिका मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से खारिज होने के बाद हाल ही में इंदौर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।
जुनेजा की गिरफ्तारी के बाद एसटीएसएफ ने न्यायालय के आदेश पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर19 भारतीय तालाब कछुए और दो स्टार कछुए बरामद किए गए। दोनों प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम1972 के तहत संरक्षित हैं।
एसटीएसएफ की हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी के इस मामले में जुनेजा समेत अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके पास से एक जीवित तोता और कुल 54 कछुए बरामद किए जा चुके हैं। एसटीएसएफ इस तस्करी गिरोह के मामले में और जानकारी जुटा रही है।
