Indore: इंदौर में मानसून सिस्टम कमजोर होने से अगस्त सूखा, हल्के बादल छाए रहेंगे
शहर में औसत 35 इंच बारिश होती है। शहर में अब तक 20 इंच बारिश हो चुकी है। अगस्त के 9 दिनों में हल्की बारिश ही हुई है। इस माह ज्यादा तेज बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त के बाद सिस्टम फिर सक्रिय हो सकता है।
विस्तार
जुलाई में दस सालों में दूसरी बार सबसे ज्यादा बारिश का रिकार्ड कायम हुआ, लेकिन अगस्त माह सूखा बीत रहा है। अगस्त के 9 दिनों में रिमझिम और बूंदा-बांदी का ही दौर रहा। भले ही शहर में हल्के बादल छाए हुए है,लेकिन धूप भी निकल रही है।
लोगों को पंखे,कूलर की जरुरत भी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहभर तक बारिश का दौर थमा रहेगा। 20 अगस्त के बाद तेज बारिश के आसार है। मानसून सिस्टम कमजोर पड़ने से शहर से बारिश का झमाझम वाला दौर भी गायब है। गुरुवार सुबह देर तक धूप निकली। दोपहर बाद बादल छाए, लेकिन शहरवासियों को गर्मी का एहसास भी हुआ। बुधवार को भी कभी धूप तो कभी काले बादल का नजारा शहर में देखने को मिला था। कुछ जगह हल्की बूंदा-बांदी भी हुई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य था। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज हुआ।
अब तक 20 इंच बारिश
शहर में औसत 35 इंच बारिश होती है। शहर में अब तक 20 इंच बारिश हो चुकी है। अगस्त के 9 दिनों में हल्की बारिश ही हुई है। इस माह ज्यादा तेज बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त के बाद सिस्टम फिर सक्रिय हो सकता है। इसके बाद अच्छी बारिश होगी और शहर में बारिश का कोटा पूरा हो सकता है।
इंदौर में मानसून की आमद देर से हुई है। इस कारण सितंबर में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। जुलाई में इस साल 18 इंच बारिश हुई थी, अगस्त में अभी दो इंच बारिश ही दर्ज हो पाई है। जुलाई में अच्छी बारिश होने के कारण शहर के तालाबों का जलस्तर भी बढ़ गया है। शहर की प्यास बुझाने वाला यशंवत सागर भर चुका है और अतिरिक्त पानी गेट खोलकर बहाया गया है।
