Indore News: शराब पार्टी के दौरान विवाद होने पर दोस्त ने ही उतारा मौत के घाट, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
इंदौर के भागीरथपुरा में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में हरिओम बंजारा ने अपने पड़ोसी और दोस्त राजेश नायक पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर घायल राजेश की एमवाय अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
विस्तार
बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पड़ोसी दोस्त ने गुस्से में सब्जी काटने वाले चाकू से 50 वर्षीय व्यक्ति पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
घटना 10 अगस्त की रात आर्य समाज वाली गली, भागीरथपुरा में हुई। मृतक की पहचान राजेश नायक के रूप में हुई है। वह पिंटू आर्य के मकान में किराए से रहता था। उसका पड़ोसी हरिओम बंजारा शराब पीने की बात को लेकर राजेश से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर हरिओम ने गाली-गलौज करते हुए राजेश पर सब्जी काटने वाले चाकू से कई वार कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजेश को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ये भी पढ़ें- दुष्कर्मी को बचाने भोपाल पुलिस दे रही पीड़िता को हनी ट्रैप में फंसाने की धमकी, हाईकोर्ट पहुंचा मामला
दोनों साथ करते थे बर्तन बेचने का काम
पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के रहने वाले हैं। दोनों इंदौर में साथ रहकर फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते थे। दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ में शराब भी पीते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि हरिओम ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
