फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore: How important is Nadda's visit to the BJP, which is battling with factionalism and discontent... what will be the schedule, know...

इंदौर: गुटबाजी और असंतोष से जूझ रही भाजपा के लिए नड्डा का दौरा कितना अहम, जानिए मिनट टू मिनट कार्यक्रम

Mon, 07 Mar 2022 11:50 AM IST
चंद्रप्रकाश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: चंद्रप्रकाश शर्मा Updated Mon, 07 Mar 2022 11:50 AM IST
सार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 8 मार्च को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इंदौर में बैठकें लेंगे तो उज्जैन जाकर महाकाल दर्शन करेंगे। देवास में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे प्रदेश में पार्टी की स्थिति की समीक्षा करेंगे।

विज्ञापन
Indore: How important is Nadda's visit to the BJP, which is battling with factionalism and discontent... what will be the schedule, know...
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

एक दिन के मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम तय हो गया है। वे इंदौर, उज्जैन और देवास जाएंगे। सबसे पहले इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जिसके बाद सड़क मार्ग से उज्जैन जाएंगे। उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद हेलिकॉप्टर से देवास जाएंगे। वहां से इंदौर पहुंचेंगे। नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी है।
विज्ञापन


दरअसल 8 मार्च को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मप्र के दौरे पर रहेंगे। वे महाकाल दर्शन कर उज्जैन से देवास जाएंगे, जहां पोषण संयंत्रों का उद्घाटन करेंगे। महिला स्व सहायता समूह कर क्रेडिट लिंकेज कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं वीसी के माध्यम से संवाद करेंगे। यहां से इंदौर जाएंगे और पार्टी की दो बैठकें लेंगे। भाजपा मप्र संगठन महामंत्री सुहास भगत की माताजी के निधन पर उनके निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा के तीनों जिलों में तैयारियां तेज हो गई हैं। उज्जैन और देवास में ज्यादा समय नहीं देंगे मगर इंदौर में प्रमुख बैठकें लेंगे जिस कारण इंदौर में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं।
विज्ञापन


यह रहेगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम
नड्डा के आधिकारिक कार्यक्रम की बात करें तो 8 मार्च की सुबह 10.30 बजे वे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2 बजे उज्जैन में महाकाल के दर्शन करेंगे। भोजन भी उज्जैन में करेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर से देवास जाएंगे। दोपहर 2.35 बजे देवास पहुंचेंगे और यहां पोषण संयंत्रों का उद्घाटन करेंगे। महिला स्व सहायता समूह कर क्रेडिट लिंकेज कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं वीसी के माध्यम से संवाद करेंगे। शाम 4.05 बजे हेलिकॉप्टर से इंदौर एयरपोर्ट आएंगे। यहां से सीधे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत के निवास पर उनकी माताजी को श्रद्धांजलि देने जाएंगे।शाम 4.50 बजे जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। शाम 5.15 बजे प्रदेश पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। शाम 6.15 बजे भाजपा कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे। शाम 7 बजे इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

Indore: How important is Nadda's visit to the BJP, which is battling with factionalism and discontent... what will be the schedule, know...
देवास में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करतीं विधायक पवार - फोटो : सोशल मीडिया
दो बैठक लेंगे नड्डा, पार्टी की स्थिति की करेंगे समीक्षा
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा तैयारियों में जुट गई है। स्वागत की रूपरेखा बनाई गई है। आगमन के दौरान नड्डा जिस विधानसभा क्षेत्र से गुजरेंगे उस विधानसभा में स्वागत किया जाएगा। इंदौर में भाजपा ने इस संबंध में संबंधित विधायक की जिम्मेदारी तय की है। कहा जा रहा है कि सुरक्षा काऱणों के चलते नड्डा गाड़ी से नहीं उतरेंगे। संगठन के लिहाज से देखें तो इंदौर में ही अहम दौरा है क्योंकि यहां नड्डा दो महत्वपूर्ण बैठकें लेंगे। इनमें एक पदाधिकारियों की और दूसरी बैठक कोर कमेटी की होगी। इन बैठकों में वे कई मुद्दों पर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे। कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश स्तर के नेता शामिल होंगे। इस बैठक में वे प्रदेश में पार्टी की स्थिति की समीक्षा करेंगे। बैठक में पिछले साल हुए उपचुनाव, हाल ही में पांच राज्यों के चुनाव के बाद मप्र की स्थिति, आगे की रणनीति, कार्यकारिणी का गठन, गुटबाजी, असंतोष आदि रहेंगे। 

इंदौर में इसलिए अहम है नड्डा की बैठक
इंदौर की बात करें तो यहां नड्डा का दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इंदौर भाजपा में बीते लंबे समय से गुटबाजी की शिकायतें मिलती रही हैं। करीब ढाई साल बीतने के बाद भी पार्टी की नगर इकाई की कार्यकारिणी गठित नहीं हो सकी है। कांग्रेस से भाजपा में आए सिंधिया समर्थकों को भी कार्यकारिणी में लेने का दबाव है। पिछले दिनों एक नियुक्ति को लेकर प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। इस पर प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी दिया था। इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाए गए जयपाल सिंह चावड़ा को लेकर भी विरोध जताया जा चुका है और पार्टी का एक धड़ा इस नियुक्ति से खफा है।

इधर हाल ही में वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन इंदौर के गौरव दिवस को लेकर हुई बैठक में नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। विधायक रमेश मेंदोला ने बैठक में इंदौर का नाम बदलने की बात कही तो अपने चिरपरिचित अंदाज में सत्तन ने कहा कि शहर का नाम बदलना यानी अपने माता-पिता का नाम बदलना है। इस तरह के और भी कई कारण और बातें हैं जिसके चलते नड्डा का दौरा अहम माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि नड्डा संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाएंगे। पार्टी नेताओं से संवाद कर वैचारिक दृष्टिकोण व पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। 

देवास में बदला कार्यक्रम स्थल
देवास में भी नड्डा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। देवास में पहले खटांबा के पास कार्यक्रम होना था, लेकिन ऐनवक्त पर इसे बदलकर पुलिस लाइन में कर दिया गया। इसे लेकर भी कई तरह की चर्चा हो रही है। खटांबा हाटपीपल्या विधानसभा में आता है जहां से सिंधिया समर्थक मनोज चौधरी विधायक हैं। इस सीट पर पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी विधायक रह चुके हैं और विधायक रहने के दौरान उनके और देवास व विधायक के बीच की राजनीतिक खींचतान भी सामने आती रही है। वर्तमान में देवास में स्थानीय विधायक गायत्रीराजे पवार के अनुसार ही सबकुछ हो रहा है। चाहे प्रशासनिक जमावट हो या राजनीतिक आयोजन, विधायक पवार के इर्दगिर्द ही जिले की राजनीति घूम रही है।

इसकी वजह यह भी है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देवास के मामले में विधायक पवार की बात नहीं टालते हैं तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी पवार राजघराने के पारिवारिक संबंध हैं। ऐसे में हाटपीपल्या विधानसभा से निरस्त कर नड्डा और सीएम का कार्यक्रम देवास विधानसभा में रखा गया। राजनीतिक तर्क यह दिया गया कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक महिलाएं शामिल होंगी जिस कारण खटांबा में जगह कम थी और पुलिस लाइन में अधिक जगह है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है वजह सिर्फ यही नहीं बल्कि राजनीतिक वर्चस्व की है। देवास में होने वाले कार्यक्रम स्थल का रविवार को विधायक पवार ने निरीक्षण भी किया और जरूरी निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed