Gwalior News: 16 साल के मासूम की डिजिटल दुनिया ने छीनी जिंदगी, गेम की हार बनी मौत की वजह
ग्वालियर में 16 वर्षीय किशोर विकेश रावत ने ऑनलाइन गेम में हुए 35 हजार रुपये के नुकसान के बाद मानसिक दबाव में आकर ट्रेन के नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। परिवार और पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से ऑनलाइन गेम्स में व्यस्त था।
विस्तार
ऑनलाइन गेम की लत ने 16 वर्षीय किशोर की जिंदगी ले ली। शिवपुरी जिले के हतेड़ा गांव के निवासी विकेश रावत ने बुधवार को ग्वालियर के डबरा देहात क्षेत्र में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। परिवार के अनुसार, विकेश किसान उदयभान रावत का बेटा था और हाल ही में ऑनलाइन गेम खेलते हुए 35 हजार रुपये हार गया था। मानसिक दबाव में आए विकेश मंगलवार शाम घर से बिना बताए निकला और वापस नहीं लौटा।
बुधवार सुबह ग्वालियर-भोपाल रेल ट्रैक पर उसका शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विकेश ने ट्रेन आते देख पटरी पर छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डबरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया कि विकेश लंबे समय से ऑनलाइन गेम्स में व्यस्त था और हाल ही में खेल में हुई आर्थिक हानि ने उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल अपैरल-टेक्सटाइल के वैश्विक ब्रांड्स के उद्योगपतियों से करेंगे निवेश संवाद
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियंत्रण और मार्गदर्शन जरूरी है, ताकि इस तरह की त्रासदियों को रोका जा सके।
