ग्वालियर: कोरोना टीकाकरण के लिए बने 27 सेंटर, 11815 स्वास्थ्यकर्मियों को 16 से लगेगी वैक्सीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद देशभर में 16 जनवरी से कोरोना के टीके लगाए जाएंगे। इसी क्रम में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के साथ ही साथ मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को 15 जनवरी से वैक्सीन मिलना शुरू हो जाएगी। मध्य प्रदेश में टीकाकरण के लिए ग्वालियर शहर को सेंटर बनाया गया है। इस स्टेट सेंटर से ग्वालियर-चंबल संभाग के आठ जिलों व सागर संभाग के पांच जिलों में 15 जनवरी तक वैक्सीन पहुंचा दी जाएगी। इसके अगले दिन यानी 16 जनवरी से जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में जिले के कुल 11815 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
बता दें ग्वालियर जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए अभी तक 27 सेंटर बनाए गए हैं। इनमें 11 सेंटर शहरी क्षेत्र में तो 16 ग्रामीण क्षेत्र में तैयार किए गए हैं, लेकिन अब इन सेंटरों की संख्या 27 से बढ़ाकर 40 करने की योजना है। जिले में वैक्सीन के लगभग 1,50,000 डोज लाए जा रहे हैं। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जिले में वैक्सीन की खेप 15 जनवरी को आ जाएगी और अगले दिन स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए 40 स्थानों का चुनाव किया है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण के लिए जोनल अधिकारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं। एक जोनल अधिकारी को 3 से 5 संस्थाओं की जिम्मेदारी दी जाएगी। गुप्ता ने आगे कहा कि जिले में मंगलवार, शुक्रवार व रविवार के दिन कोरोना के टीके नहीं लगाए जाएंगे क्योंकि इन दिनों अन्य टीके लगाने का कार्य होगा।
क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि पहले चरण में डेढ़ लाख डोज मिलने की उम्मीद है। उनके मुताबिक जिले में पहले नंबर पर स्वास्थ्यकर्मी और अन्य फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके बाद 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा। इनके अलावा 50 से नीचे के वे लोग जो ब्लड प्रेशर, कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, उनका टीकाकरण किया जाएगा। डॉ. आरके गुप्ता ने ये भी कहा कि वैक्सीन लगवाना अनिवार्य नहीं है। जो लोग स्वेच्छा से टीकाकरण करवाना चाहते हैं, उन्हें ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
