Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Gwalior: Doctor Fined 2.22 Lakh for Treating Child Without Dermatology Degree for Seven Years

ग्वालियर: बिना डिग्री के 7 साल तक करता रहा बच्चे का इलाज, 2.22 लाख का हर्जाना लगाया, हाईकोर्ट जाएंगे पिता

Tue, 17 Nov 2026 12:06 PM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर Published by: प्रिया वर्मा Updated Tue, 17 Nov 2026 12:06 PM IST
सार

सात साल तक बिना विशेषज्ञ डिग्री के बच्चे का इलाज करने वाले डॉक्टर पर जिला उपभोक्ता आयोग ने 2.22 लाख रुपये हर्जाना लगाया है। पिता का आरोप है कि गलत इलाज से बच्चे की आंखों और बालों पर गंभीर असर पड़ा है। वे अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

विज्ञापन
Gwalior: Doctor Fined 2.22 Lakh for Treating Child Without Dermatology Degree for Seven Years
फर्जी विशेषज्ञ बनकर किया मासूम का इलाज…बाल झड़ गए, आंखों पर भी बुरा असर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिना विशेषज्ञता वाली डिग्री के सात साल तक मासूम बच्चे की त्वचा और बालों का इलाज करने वाले डॉक्टर पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने शिंदे की छावनी स्थित क्लीनिक के संचालक डॉ. कुलदीप सक्सेना को अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी ठहराते हुए पीड़ित परिवार को 2 लाख 22 हजार रुपये हर्जाना देने का आदेश दिया है। बिना किसी विशेषज्ञता के फर्जी तरीके से इलाज करने और समय पर मरीज को बड़े अस्पताल में रेफर न करने के कारण आयोग ने यह कार्रवाई की है। लगातार गलत दवाइयों के सेवन से बच्चे के सिर के सारे बाल झड़ गए और उसकी आंखों में भेंगापन आ गया।

विज्ञापन


गलत इलाज से बिगड़ी बच्चे की स्थिति
घासमंडी निवासी मोनू राठौर वर्ष 2018 में अपने बेटे के सिर में बाल न होने की समस्या लेकर डॉक्टर के पास गए थे। चिकित्सक ने बच्चे की जांच के बाद परिजनों को आश्वासन दिया और हर बार छह-छह महीने की दवाइयां देना शुरू कर दिया। यह सिलसिला वर्ष 2018 से 2025 तक लगातार सात साल तक चलता रहा। लंबा समय बीत जाने के बाद भी बच्चे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। दवाइयों के लगातार सेवन से बच्चे के सिर पर बचे हुए बाल भी पूरी तरह झड़ गए। दवाइयों के दुष्प्रभाव से बच्चे की आंखों की रोशनी बेहद कमजोर हो गई और उसकी आंखों में भेंगापन आ गया। मासूम की सेहत लगातार बिगड़ती गई लेकिन चिकित्सक मरीज को विशेषज्ञ के पास भेजने की बजाय खुद ही दवाइयां बदलता रहा।
विज्ञापन


सूचना के अधिकार से खुला डिग्री का सच
बच्चे की आंखें और सिर की स्थिति अत्यधिक खराब होने पर पिता ने चिकित्सक से उनकी विशेषज्ञता संबंधी डिग्री के बारे में जानकारी मांगी। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने योग्यता पर सवाल उठाया तो क्लीनिक परिसर में उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद बच्चे के पिता ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सूचना के अधिकार के तहत आवेदन दिया। आरटीआई से प्राप्त जानकारी में यह बड़ा खुलासा हुआ कि डॉ. कुलदीप सक्सेना के पास त्वचा रोग यानी डर्मेटोलॉजी से संबंधित कोई वैध डिग्री या डिप्लोमा उपलब्ध नहीं है। वे केवल साधारण एमबीबीएस उत्तीर्ण हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपने क्लीनिक के मुख्य बोर्ड और पर्चे पर डिप्लोमा इन डर्मेटोलॉजी एंड वेनेरोलॉजी दर्ज कर रखा था और खुद को विशेषज्ञ बताकर निर्बाध रूप से इलाज कर रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: विधायक के बोल: आदिवासी परिवारों में कम से कम पांच-पांच बच्चे होने चाहिए, जनसंख्या बढ़ाने की जरूरत


पिता बोले-हाईकोर्ट जाएंगे
चिकित्सक की इस गंभीर लापरवाही और भ्रामक जानकारी सामने आने के बाद पीड़ित पिता ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के समक्ष न्याय के लिए शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने संबंधित डॉक्टर को अपना पक्ष रखने के लिए औपचारिक नोटिस जारी किया, लेकिन वे सुनवाई के दौरान जवाब देने के लिए उपस्थित नहीं हुए। आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा और सदस्य रेवती रमण मिश्रा की पीठ ने उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर मामले की गहन सुनवाई की। 

पीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि बिना वैध विशेषज्ञता डिग्री के त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में इलाज करना सीधे तौर पर अनुचित व्यापार व्यवहार की श्रेणी में आता है। आयोग ने माना कि इतने वर्षों तक कोई फायदा न मिलने के बावजूद मरीज को किसी बड़े चिकित्सा संस्थान में रेफर न करना डॉक्टर की बड़ी भूल थी। आयोग ने डॉक्टर को पीड़ित परिवार को 2,22,000 रुपये का हर्जाना देने का निर्देश दिया। हालांकि पीड़ित पिता इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि गलत इलाज के कारण बच्चे का पूरा भविष्य प्रभावित हुआ है, इसलिए वे दोषी डॉक्टर के खिलाफ अधिक सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर जल्द ही उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed