MP News: गुना में असामाजिक तत्वों ने शिवलिंग तोड़ा, अपने साथ ले गए, घटना के विरोध में बाजार बंद, प्रदर्शन शुरू
MP News: गुना के मृगवास के ब्राह्मण चौक क्षेत्र में भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है। रविवार को भक्त मंदिर पहुंचे तो उन्हें स्थापित शिवलिंग नहीं मिला। असामाजिक तत्व शिवलिंग तोड़कर अपने साथ ले गए।
विस्तार
गुना जिले की कुंभराज तहसील के मृगवास कस्बे में स्थित एक मंदिर में स्थापित शिवलिंग असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। इसके बाद वे उसे अपने साथ ले गए। इस घटना से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। विरोध में कस्बे के सभी बाजार बंद कर दिए गए हैं, और बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर के बाहर धरने देकर बैठ गई हैं। उनका कहना है कि जब तक हमारे बाबा वापस नहीं आते, यहां से नहीं हटेंगे। इसमें चाहे कितना भी समय क्यों न लग जाए, हम हटने वाले नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार, मृगवास के ब्राह्मण चौक क्षेत्र में भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है। रविवार सुबह करीब 5:00 बजे भक्त रोजाना की तरह मंदिर पहुंचे तो उन्हें स्थापित शिवलिंग नहीं मिला। नजदीक से देखने पर पता चला कि किसी ने शिवलिंग को सतह से तोड़ दिया है और उसे अपने साथ ले गए। इस घटना की सूचना मिलते ही सनातन धर्म समिति और हिंदू समाज के अध्यक्ष दीपक चौरसिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना की खबर फैलने के साथ ही लोगों का आक्रोश बढ़ता गया, जिसके चलते कस्बे के सभी बाजार बंद हो गए। दोपहर तक दर्जनों महिलाएं शिव मंदिर पर एकत्र होकर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिवलिंग बरामद कर आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो धरना समाप्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन को और उग्र रूप दिया जाएगा। वहीं, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
